November 19, 2026

टाटा ग्रुप में बड़ा बदलाव: नोएल टाटा 6 कंपनियों के बोर्ड पद छोड़ेंगे, चेयरमैन एमेरिटस बनाए जाएंगे

0
photo-5-1-1794460607

मुंबई । टाटा ग्रुप में नेतृत्व स्तर पर बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। नोएल टाटा समूह की छह कंपनियों में बोर्ड स्तर के पदों से हटेंगे। इनमें ट्रेंट, वोल्टास, टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन और टाटा इंटरनेशनल के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन पद के साथ टाटा स्टील और टाइटन के वाइस चेयरमैन पद भी शामिल हैं। इन जिम्मेदारियों से मुक्त होने के बाद उन्हें चेयरमैन एमेरिटस बनाया जाएगा। हालांकि, वह टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन और टाटा संस के बोर्ड में ट्रस्ट्स के नॉमिनी डायरेक्टर बने रहेंगे।

टाटा संस में टाटा ट्रस्ट्स की करीब 66 प्रतिशत हिस्सेदारी है। ऐसे में नोएल टाटा समूह की शीर्ष संस्थाओं में अपनी भूमिका बरकरार रखेंगे, जबकि छह कंपनियों के बोर्ड में उनकी जिम्मेदारियां नए नेतृत्व को सौंपी जाएंगी।

इन कंपनियों को मिलेंगे नए चेयरमैन

नोएल टाटा के पद छोड़ने के बाद टाटा इंटरनेशनल की कमान टाटा स्टील के मैनेजिंग डायरेक्टर टीवी नरेंद्रन संभालेंगे। वहीं, वोल्टास के चेयरमैन की जिम्मेदारी सुनील डिसूजा को सौंपी गई है। ट्रेंट के चेयरमैन पद के लिए एजीबी एंड पार्टनर्स के को-फाउंडर बहराम वकील को नामित किया गया है।

वोल्टास में प्रबंध निदेशक मुकुंदन मेनन सीपी का कार्यकाल 24 मई 2027 को समाप्त होगा। इसके अगले दिन यानी 25 मई 2027 से जयंत बालान पांच साल के लिए कंपनी के नए मैनेजिंग डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभालेंगे।

रिटायरमेंट पॉलिसी के तहत लिया गया फैसला

टाटा ग्रुप का कहना है कि नोएल टाटा का इन पदों से हटना समूह की निर्धारित रिटायरमेंट पॉलिसी के अनुरूप है। इसका टाटा ट्रस्ट्स और टाटा संस के बीच चल रहे मतभेदों से कोई संबंध नहीं है। इससे पहले रतन टाटा ने भी 70 वर्ष की उम्र पूरी होने पर इसी नीति के तहत समूह के एग्जीक्यूटिव पद छोड़ दिए थे।

नोएल टाटा ने जून में ट्रेंट की सालाना आम बैठक (AGM) के दौरान चेयरमैन पद छोड़ने के अपने इरादे का संकेत दिया था। इसके बाद वोल्टास की AGM में भी उन्होंने कहा था कि चेयरमैन के तौर पर यह उनकी आखिरी बैठक होगी।

नेतृत्व और गवर्नेंस को लेकर मतभेद भी चर्चा में

यह बदलाव ऐसे समय हो रहा है, जब टाटा ग्रुप में नेतृत्व और कॉरपोरेट गवर्नेंस को लेकर मतभेदों की चर्चा तेज है। बताया जा रहा है कि टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को दोबारा पांच साल का कार्यकाल देने के प्रस्ताव पर नोएल टाटा ने विरोध जताया था। टाटा संस को शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने के प्रस्ताव पर भी उन्होंने आपत्ति की थी।

इसके अलावा, उन्होंने समूह में फैसले लेने की प्रक्रिया और टाटा ट्रस्ट्स की ओर से नामित निदेशकों की भूमिका पर भी सवाल उठाए थे।

ऐसे में छह कंपनियों के बोर्ड पदों से नोएल टाटा की विदाई को समूह में एक बड़े नेतृत्व परिवर्तन के रूप में देखा जा रहा है। भले ही टाटा ग्रुप इसे नियमित रिटायरमेंट नीति का हिस्सा बता रहा है, लेकिन गवर्नेंस और नेतृत्व को लेकर जारी चर्चाओं के बीच यह बदलाव खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *