November 27, 2026

मध्य प्रदेश में ई-मंडी योजना की धीमी रफ्तार, एक करोड़ किसानों में सिर्फ 12 लाख ने कराया पंजीयन, तकनीकी परेशानियों से घटा भरोसा..

0
20-1795776766
मध्य प्रदेश: में किसानों को डिजिटल माध्यम से कृषि उपज बेचने की सुविधा देने के उद्देश्य से शुरू की गई ई-मंडी व्यवस्था चार साल से अधिक समय बीतने के बाद भी अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर पाई है। प्रदेश में करीब एक करोड़ किसानों की संख्या के मुकाबले अक्टूबर 2026 तक फार्मगेट एप्लिकेशन पर केवल 12 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है। यानी कुल किसान आबादी के लगभग 12 प्रतिशत किसान ही इस डिजिटल व्यवस्था से जुड़ पाए हैं। शेष 88 प्रतिशत किसान अभी भी ऑनलाइन मंडी व्यवस्था से बाहर हैं। करोड़ों रुपये खर्च करने और लंबे समय तक योजना संचालित करने के बावजूद किसानों तथा व्यापारियों के बीच इस व्यवस्था को लेकर पर्याप्त भरोसा नहीं बन पाया है।

ई-मंडी शुरू करने के पीछे सरकार का उद्देश्य किसानों और व्यापारियों को सीधे डिजिटल मंच पर जोड़ना, कृषि उपज की बिक्री में पारदर्शिता लाना और किसानों को बेहतर कीमत के विकल्प उपलब्ध कराना था। इसके बावजूद प्रदेश की ज्यादातर मंडियों में पारंपरिक नीलामी व्यवस्था का ही दबदबा बना हुआ है। किसान अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचते हैं, वहां पर्ची बनवाते हैं और व्यापारियों के सामने अनाज की नीलामी कराते हैं। वर्षों से चली आ रही इस प्रक्रिया पर किसानों का भरोसा अधिक है, जबकि ऑनलाइन कारोबार की जटिलताएं उन्हें नई व्यवस्था अपनाने से रोक रही हैं।

तकनीकी परेशानियों से किसान नहीं बना पा रहे दूरी

फार्मगेट एप्लिकेशन के इस्तेमाल में सबसे बड़ी समस्या तकनीकी जानकारी और प्रक्रिया को लेकर सामने आ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में किसान स्मार्टफोन और डिजिटल तकनीक का नियमित इस्तेमाल नहीं करते। जो किसान मोबाइल चलाना जानते हैं, उन्हें भी एप्लिकेशन पर जरूरी जानकारियां दर्ज करने, ओटीपी प्राप्त करने और ऑनलाइन पंजीयन पूरा करने में परेशानी होती है। कई किसानों के आधार कार्ड से मोबाइल नंबर लिंक नहीं होने के कारण भी प्रक्रिया अटक जाती है।

इसके अलावा कभी एप्लिकेशन नहीं खुलता तो कभी सर्वर धीमा होने के कारण ऑनलाइन पर्ची नहीं बन पाती। भोपाल कृषि उपज मंडी में किसानों का कहना है कि उन्हें पारंपरिक नीलामी की प्रक्रिया की पूरी जानकारी है, लेकिन ऑनलाइन कारोबार करने के लिए पर्याप्त प्रशिक्षण नहीं दिया गया। तकनीकी परेशानी आने पर समाधान की उचित सुविधा भी उपलब्ध नहीं होती।

कुछ किसानों को ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कराने के लिए निजी ऑनलाइन केंद्रों का सहारा लेना पड़ता है। इसके लिए उन्हें 100 से 200 रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं। गांवों से ट्रैक्टर-ट्रॉली में उपज लेकर मंडी पहुंचने वाले किसानों के लिए अतिरिक्त समय और पैसा दोनों परेशानी बढ़ाते हैं।

उपज की गुणवत्ता को लेकर व्यापारियों में संशय

ई-मंडी व्यवस्था को अपेक्षित सफलता नहीं मिलने का दूसरा बड़ा कारण व्यापारियों की सीमित भागीदारी है। अनाज की खरीद में उसकी गुणवत्ता का विशेष महत्व होता है। व्यापारी दानों का आकार, चमक, नमी, टूटन और साफ-सफाई देखकर कीमत तय करते हैं। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर तस्वीरों के आधार पर उपज की वास्तविक गुणवत्ता का आकलन करना उनके लिए मुश्किल होता है।

व्यापारियों को आशंका रहती है कि तस्वीर में दिखाई देने वाली उपज और वास्तविक माल की गुणवत्ता में अंतर हो सकता है। इससे खरीद के बाद विवाद की स्थिति बन सकती है। भुगतान और माल की सुपुर्दगी से जुड़ी चिंताएं भी ऑनलाइन सौदे करने में बाधा बन रही हैं। यही वजह है कि व्यापारी मंडी में सामने रखे अनाज की जांच करने और उसके बाद बोली लगाने की पारंपरिक व्यवस्था को प्राथमिकता देते हैं।

12 लाख पंजीयन, लेकिन सक्रिय किसानों की संख्या कम

फार्मगेट पर पंजीकृत किसानों की संख्या में बढ़ोतरी जरूर हुई है, लेकिन वास्तविक ऑनलाइन कारोबार में उनकी सक्रियता को लेकर सवाल बने हुए हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2023 में इस एप्लिकेशन पर करीब 19 हजार किसान पंजीकृत थे। अक्टूबर 2026 तक यह संख्या बढ़कर लगभग 12 लाख हो गई। इस अवधि में फार्मगेट के माध्यम से करीब 145 लाख मीट्रिक टन कृषि उपज की खरीद-बिक्री हुई है।

विदिशा के किसान ललित शर्मा के मुताबिक, पंजीकृत किसानों में लगभग 70 से 80 प्रतिशत किसान निष्क्रिय हैं। केवल 20 से 30 प्रतिशत किसान ही कभी-कभार ऑनलाइन सौदे करते हैं। ऐसे में सिर्फ पंजीयन की संख्या को योजना की सफलता का आधार नहीं माना जा सकता। यह देखना भी जरूरी है कि कितने किसान नियमित रूप से ऑनलाइन उपज बेच रहे हैं और उन्हें पारंपरिक नीलामी की तुलना में कितना आर्थिक लाभ मिल रहा है।

भोपाल मंडी में पारंपरिक नीलामी का दबदबा

भोपाल कृषि उपज मंडी में सुबह से ही किसानों की भीड़ जुटने लगती है। किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में अनाज लेकर पहुंचते हैं। व्यापारी उपज की गुणवत्ता जांचते हैं और फिर बोली लगाई जाती है। इसके मुकाबले ई-मंडी काउंटर पर किसानों की मौजूदगी सीमित दिखाई देती है। कई किसान ऑनलाइन प्रक्रिया समझने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन जानकारी नहीं मिलने या तकनीकी परेशानी के कारण दोबारा पारंपरिक नीलामी का रास्ता अपना लेते हैं।

छोटे और सीमांत किसानों के सामने चुनौतियां और अधिक हैं। स्मार्टफोन, इंटरनेट कनेक्टिविटी और डिजिटल भुगतान की जानकारी का अभाव उनके लिए परेशानी पैदा करता है। कम मात्रा में उपज बेचने वाले किसानों के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया में अतिरिक्त समय और पैसा लगाना भी आसान नहीं है।

मंडी बोर्ड का दावा, छोटी मंडियों में बढ़ रहे सौदे

भोपाल मंडी के सचिव एवं विभाग के सहायक संचालक नरेश परमार के अनुसार, फार्मगेट एप्लिकेशन के माध्यम से छोटी मंडियों के आसपास रहने वाले बड़े और समृद्ध किसान अधिक सौदे कर रहे हैं। बड़ी मंडियों के आसपास के किसान प्रतिस्पर्धी नीलामी से बेहतर भाव मिलने की उम्मीद में सीधे मंडी पहुंचना पसंद करते हैं। उनका कहना है कि फार्मगेट एप्लिकेशन उपयोगी है और पंजीकृत किसानों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

वहीं सागर के किसान धर्मेंद्र सिंह कुशवाह का मानना है कि किसानों को डिजिटल कारोबार से जोड़ने के लिए विभागीय स्तर पर और सक्रिय प्रयासों की जरूरत है। योजना की सफलता के लिए मंडीवार समीक्षा, किसानों और व्यापारियों से संवाद तथा उनकी समस्याओं का समाधान जरूरी है।

प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता बढ़ाने की जरूरत

ई-मंडी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए गांवों में प्रशिक्षण शिविर लगाने, मंडियों में सहायता केंद्र स्थापित करने और एप्लिकेशन की प्रक्रिया सरल बनाने की जरूरत है। किसानों को स्थानीय भाषा में ऑनलाइन सौदे, भुगतान और उपज की बिक्री से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इसके साथ ही तकनीकी शिकायतों के समाधान के लिए हेल्पलाइन और नियमित सहायता की व्यवस्था जरूरी है।

प्रदेश में 259 कृषि उपज मंडियां हैं, लेकिन एक करोड़ किसानों में से केवल 12 लाख का पंजीयन होना डिजिटल व्यवस्था की सीमित पहुंच को दर्शाता है। मंडी बोर्ड के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती पंजीयन बढ़ाने के साथ निष्क्रिय किसानों को दोबारा सक्रिय करना और व्यापारियों का भरोसा हासिल करना है। जब तक किसानों को ऑनलाइन कारोबार से वास्तविक आर्थिक लाभ और आसान प्रक्रिया का अनुभव नहीं होगा, तब तक ई-मंडी के माध्यम से कृषि व्यापार को पूरी तरह डिजिटल बनाना चुनौती बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed