उपचुनाव में हार के बाद BJP ने बदली रणनीति, केदारनाथ के लिए बनाया खास योजना

नई दिल्‍ली । भाजपा ने केदारनाथ उपचुनाव में जीत के लिए पांच कैबिनेट मंत्रियों को मैदान में उतार दिया है। प्रत्येक कैबिनेट मंत्री को चुनावी दृष्टि से मंडल स्तर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि पांच कैबिनेट मंत्रियों को मंडलों की जिम्मेदारी दी गई है।

पांच कैबिनेट मंत्रियों को मंडलों की जिम्मेदारी

उन्होंने बताया कि गुप्तकाशी मंडल के लिए कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, ऊखीमठ मंडल के लिए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, अगस्तमुनि मंडल के लिए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, अगस्तमुनि ग्रामीण मंडल के लिए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और सतेराखाल मंडल की जिम्मेदारी कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को दी गई है।

विदित है कि बदरीनाथ और मंगलौर के उपचुनाव में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में पार्टी ने केदारनाथ उपचुनाव की घोषणा से पहले ही तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत पांच कैबिनेट मंत्रियों को मंडल स्तर पर उतारकर मतदाताओं को साधने की कोशिश में जुट गई है।

कोठारी को प्रभारी और भरत चौधरी को संयोजक बनाया

पार्टी ने केदारनाथ उपचुनाव के लिए विधानसभा प्रभारी और संयोजक नियुक्त कर दिए हैं। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि विधानसभा प्रभारी की जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी को दी गई है। जबकि विधानसभा संयोजक रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी को बनाया गया है। विधानसभा सह संयोजक की जिम्मेदारी दायित्वधारी चंडी प्रसाद भट्ट जबकि विधानसभा समन्वयक राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष दान सिंह रावत को दी गई है।

You may have missed