India UK Free Trade Deal: भारत-UK के बीच फ्री ट्रेड डील पर हस्‍ताक्षर, पीएम मोदी बोले- आज का दिन ऐतिहासिक

modi

नई दिल्‍ली । भारत और ब्रिटेन के बीच ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौता (FTA) पर आखिरकार हस्ताक्षर हो गए हैं। इसका मतलब है कि अब दोनों देशों के बीच चीजों का लेन-देन और व्यापार पहले से आसान और सस्ता हो जाएगा। फ्री ट्रेड डील के बाद पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है। इस डील से न सिर्फ सामान सस्ते होंगे, नौकरियां बढ़ेंगी और दोनों देशों के बीच संबंध और मजबूत होंगे।

इस डील के बाद भारतीय बाजार में यूके से आने वाले सामान सस्ते होंगे, जबकि भारत से होने वाले निर्यात में बड़ी छलांग लगने की उम्मीद है। दोनों देशों के कारोबारियों और विशेषज्ञों ने इस समझौते का स्वागत किया है।

अधिकारियों ने कहा कि एफटीए के लागू होने पर 99 प्रतिशत भारतीय निर्यात पर ब्रिटेन में शुल्क नहीं लगेगा। इससे पहले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपने आधिकारिक आवास ‘चेकर्स’ में मेजबानी की। दोनों नेताओं ने वार्ता से पहले अकेले में बातचीत की।

पहलगाम हमले की निंदा करने पर यूके का आभार

यूके से फ्री ट्रेड डील के बाद पीएम मोदी ने संवाददाताओं से कहा कि हम यूके सरकार और प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर का धन्यवाद देते हैं कि उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की और वादा किया है कि वह आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ खड़ा है।

आज के युग की मांग विकासवाद

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और यूके यूक्रेन संघर्ष, इंडो पैसेफिक और मध्य पूर्व को लेकर विचार साझा करता रहा है। हम जल्द से जल्द इसका समाधान चाहते हैं। आज के युग की मांग विस्तारवाद नहीं, विकासवाद है।

फ्री ट्रेड डील पर क्या बोले पीएम

पीएम मोदी ने कहा कि इस डील से दोनों देशों के बीच न सिर्फ संबंध मजबूत होंगे, बल्कि नौकरियां भी बढ़ेगी। यूके से आने वाले सामान सस्ते होंगे, निर्यात बढ़ेगा और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। इस डील से दो लोकतांत्रिक देशों में वैश्विक स्थिरता और समृद्धि को भी बल देंगे। पीएम मोदी ने आगे कहा कि फ्री ट्रेड डील के अलावा यूके की 6 विवि भारत में कैंपस खोल रही हैं। पिछले हफ्ते ही गुरुग्राम में एक कैंपस का उद्घाटन हुआ है।

भारत के लिए गेमचेंजर होगी यह डील

भारत के लिए यह डील कई मायनों में गेमचेंजर मानी जा रही है। समझौते के तहत भारतीय निर्यातकों को 99% उत्पादों पर ब्रिटेन में ड्यूटी-फ्री एंट्री मिलेगी। इससे लगभग 23 अरब डॉलर के व्यापार अवसर खुलने का अनुमान है।

सरकार के मुताबिक, इससे भारत के श्रम-प्रधान क्षेत्रों जैसे कपड़ा, चमड़ा, जूते, गहने, खिलौने और समुद्री उत्पादों में काम करने वाले कारीगरों, बुनकरों और दैनिक मजदूरों को सीधा फायदा होगा। MSME सेक्टर की लाखों इकाइयों को भी इसका लाभ मिलेगा।

किसानों और मछुआरों को फायदा

इस समझौते से 95% कृषि उत्पाद अब बिना किसी शुल्क के ब्रिटेन में निर्यात किए जा सकेंगे। वहीं, मछुआरों को 99% समुद्री उत्पादों पर शून्य शुल्क मिलने से उनकी आमदनी में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

महिलाओं और स्टार्टअप्स को बड़ा मौका

FTA के जरिए महिलाएं वैश्विक वैल्यू चेन से बेहतर ढंग से जुड़ सकेंगी और उन्हें फाइनेंस तक आसान पहुंच मिलेगी। भारत के स्टार्टअप्स को ब्रिटेन के इनोवेशन हब, निवेशकों और उपभोक्ताओं तक पहुंच का बड़ा अवसर मिलेगा।

आईटी और सर्विस सेक्टर को नई उड़ान

भारतीय आईटी पेशेवरों, एजुकेशन एक्सपर्ट्स और सर्विस सेक्टर से जुड़े लोगों के लिए यूके का हाई-वैल्यू मार्केट अब और अधिक सुलभ होगा।

इसके साथ ही भारत और ब्रिटेन के बीच हुए ‘डबल कंट्रब्यूशन कंवेंशन’ के तहत भारतीय कर्मचारियों को यूके में 3 साल तक सोशल सिक्योरिटी योगदान से छूट मिलेगी। इससे कंपनियों और कर्मचारियों दोनों को लाभ होगा।

खपत और निर्माण दोनों को फायदा

इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मा, केमिकल, फूड प्रोसेसिंग और प्लास्टिक जैसे क्षेत्रों में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। भारत में उपभोक्ताओं को अब उच्च गुणवत्ता वाले विदेशी उत्पाद और भी सस्ते दामों पर उपलब्ध होंगे।

सरकार ने इस समझौते को ‘मेक इन इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने वाला बताया है। यह डील भारत के वैश्विक व्यापार नेतृत्व को और मजबूत करेगी और रोजगार सृजन में भी अहम भूमिका निभाएगी।