श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महंत नृत्य गोपाल दास महाराज का इंदौर में हुआ अभिनंदन

– भगवान श्रीराम एवं कृष्ण से जुड़े मप्र के सभी स्थलों को तीर्थ के रूप में किया जाएगा विकसितः मुख्यमंत्री डॉ. यादव

इंदौर। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अयोध्या (Shri Ram Janmabhoomi Teerth Kshetra Trust Ayodhya.) एवं श्री कृष्ण जन्मभूमि न्यास मथुरा (Shri Krishna Janmabhoomi Trust Mathura.) के प्रमुख अनंत विभूषित पूज्य महंत नृत्य गोपाल दास महाराज (Mahant Nritya Gopal Das Maharaj.) शनिवार को इंदौर पहुंचे। यहां नगर निगम इंदौर, महादेव वेलफेयर सोसायटी तथा अभिनंदन समिति द्वारा आयोजित देर शाम आयोजित भव्य समारोह में महंत नृत्य गोपाल दास महाराज का पाद पूजन एवं शाल श्रीफल भेंट कर अभिनंदन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (Chief Minister Dr. Mohan Yadav) ने उन्हें अभिनंदन पत्र भी भेंट किया।

कार्यक्रम में नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मधु वर्मा तथा गोलू शुक्ला, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, गौरव रणदीवे, चिन्टू वर्मा, महेंद्र दास महाराज विशेष रूप से मौजूद थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव समारोह को सम्बोधित करते हुए ने कहा कि हर घर राम एवं हर घर रामायण के साथ-साथ अब हर घर कृष्ण एवं गीता भी पहुंचना चाहिए। जैसे अयोध्या में राम मुस्कुरा रहे हैं, वैसे ही कृष्ण भी मथुरा में मुस्कुराना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान राम एवं कृष्ण का मध्यप्रदेश से भी गहरा नाता रहा है। यहां दोनों भगवानों के ऐसे स्थान है जहां पर इनके जीवन से जुड़े हुए अनेक प्रसंग है। इन स्थानों को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने उज्जैन के सांदीपनि आश्रम में शिक्षा ग्रहण की। उन्हें सुदर्शन चक्र भी मध्यप्रदेश की भूमि से ही मिला। इसी तरह भगवान श्री राम का चित्रकूट से गहरा नाता रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महंत नृत्य गोपाल दास महाराज के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि राम मंदिर आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके अथक प्रयासों से ही हमें भगवान श्री राम के विग्रह के दर्शन का मौका अयोध्या में मिल रहा है। वहां भव्य मंदिर बनकर तैयार है। उन्होंने कहा कि ऐसे संतो का अभिनंदन कर हम गौरवान्वित हैं। मुख्यमंत्री ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर का जिक्र करते हुए कहा कि वे सनातन धर्म की बड़ी संवाहक रही है।

नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि संतों के चरण जहां पड़ते हैं, वह स्थल तीर्थ समान होते हैं। संतों के सानिध्य से जीवन सफल होता है। संत सदैव पूजनीय होते हैं। उन्होंने कहा कि महंत नृत्य गोपाल दास महाराज त्याग, तपस्या, साधना, सादगी और विनम्रता की प्रतिमूर्ति है। वह विराट व्यक्तित्व के धनी है। ऐसे संत का अभिनंदन कर हम अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि हर घर राम हर घर रामायण का देशव्यापी अभियान आज इंदौर से प्रारंभ किया गया है।

कार्यक्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कहा कि नृत्य गोपाल दास जी महाराज की कुशल रणनीति, संघर्षशीलता एवं तपस्या से राम मंदिर आंदोलन सफल हुआ।

You may have missed