झारखंड के हजारीबाग में बड़ा हादसा, फैक्ट्री में तेज धमाके से कई मजदूर जख्‍मी; एक की मौत

रांची । झारखंड के हजारीबाग में बड़ा हादसा हो गया है। बरही के रियाड़ा औद्योगिक क्षेत्र में लगी फैक्ट्री (पवन पुत्रा स्टील) की चिमनी में ब्लास्ट हो गया है। तेज धमाके के बाद कई मजदूर बुरी तरह जख्मी हो गई। हादसे के वक्त फैक्ट्री में 70 से अधिक मजदूर काम कर रहे थे। सभी घायल मजदूरों को आनन-फानन में आरोग्यम अस्पताल ले जाया गया है। खबर लिखने तक एक मजदूर की मौत की पुष्टि हुई है।

एक मजदूर की मौत

आरोग्यम अस्पताल ने एक मजदूर की मौत की पुष्टि की है। अस्पताल की ओर से बताया गया कि हादसे के बाद यहां सात मजदूरों को लाया गया था। जितेंद्र कुमार नाम के एक शख्स की मौत हो गई है। सभी मजदूर आउटसोर्स कंपनी के माध्यम से काम करते हैं। अन्य घायल मजदूरों को रांची के रिम्स में रेफर कर दिया गया है।

पुलिस बोली- घटना में जो भी दोषी है उन पर कार्रवाई होगी

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता घटनास्थल पर पहुंचे हैं। उनके साथ विधायक सह निवेदन समिति सभापति उमाशंकर अकेला भी मौजूद हैं। घटनास्थल पर अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी उपस्थित हैं। अधिकारियों ने कहा कि घटना में जो भी दोषी हैं उन पर कार्रवाई होगी।

You may have missed