MP: ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटर से छेड़छाड़ मामले में सियासत.. BJP विधायक ने दी कड़ी प्रतिक्रिया
इंदौर। ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेटर (Australian Female Cricketer) के साथ छेड़छाड़ के मामले में सियासत भी शुरू हो गई है। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में सत्तारूढ़ भाजपा के विधायक रामेश्वर शर्मा (BJP MLA Rameshwar Sharma) ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि ऐसी हरकतों से इस्लाम पर बदनामी होती है। ऐसी हरकतें बंद होनी चाहिए। उन्होंने आरोपी अकील खान को कुछ नाजायज बच्चों में से एक करार दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी नाजायज औलादें (Illegitimate Children) भारतीय संस्कृति को बदनाम करने की साजिश रच रही हैं।
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि इंदौर में हुई घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार ने इसे बेहद गंभीरता से लिया है। अकील नाम के आरोपी को पकड़कर जेल में डाल दिया गया है। उसे चार जूते भी लगाए गए हैं। हमारी और सरकार की कोशिश है कि ऐसे अपराधियों को हर कीमत पर कुचला जाए। कुछ ऐसी नाजायज औलादें देश में पैदा हो गई हैं जो इस देश की संस्कृति को बदनाम करने की साजिश को अंजाम देने की कोशिश कर रही हैं।
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने आगे कहा कि इंदौर में जब कारोना काल था जब भी हमने देखा कि जब हमारे डॉक्टर इंजेक्शन लगाने जाते थे तब उस पर थूकने का काम किया जाता था। यूपी में 13 साल की मुस्लिम लड़की से मौलबी जिस तरह का व्यवहार कर रहा है वह दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। हम आरोपी पर एनएसए की कार्रवाई करेंगे। जरूरत पड़ी तो जुलूस भी निकालेंगे।
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि बेटी हिन्दू की हो या मुस्लिम की। बेटी की सुरक्षा करना हमारी गारंटी है। बेटी हिन्दुस्तान की हो या ऑस्ट्रेलिया की उसकी भी सुरक्षा की गारंटी हमारी है। जो इस तरह की हरकतें कर रहे हैं और जो इनको पालने वाले हैं उनको भी हम बता देना चाहते हैं कि इस्लाम को बदनाम करने की इस तरह की हरकतें बंद करो। इससे इस्लाम पर बदनामी होती है। ऐसी घटनाएं करने वालों को ऐक्शन लेंगे।
गौरतलब है कि महिला क्रिकेट विश्व कप में हिस्सा लेने आईं ऑस्ट्रेलिया की दो महिला क्रिकेटरों का इंदौर में कथित तौर पर पीछा किया गया और उनमें से एक के साथ मोटरसाइकिल सवार अकील नाम के शख्स ने छेड़छाड़ की। क्रिकेटर अपने होटल से बाहर निकलीं और एक कैफे की ओर जा रही थीं, तभी अकील ने उनका पीछा किया। आरोपी ने उनमें से एक क्रिकेटर को कथित तौर पर गलत तरीके से छुआ और भाग गया। पुलिस ने आरोपी अकील को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पट्टियों में बधे और लंगड़ाते वीडियो भी वायरल हो रहे हैं।
