तुगलक रोड पर नहीं अब राहुल गांधी रहेंगे नए बंगले में, बहन प्रियंका ने जाकर देखा बंगला

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के घर का पता जल्‍द बदलने वाला है। इस बात की चर्चा है कि विपक्ष के नेता राहुल को लुटियंस दिल्ली में ही नया बंगला दिया जाएगा। शुक्रवार को राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी ने खुद जाकर नया बंगला देखा। इससे पहले राहुल गांधी का निवास स्थान 12, तुगलक लेन, नई दिल्ली था।

राहुल गांधी को सुनहरी बाग में बंगला नंबर 5 आवंटित किया गया है। पिछले साल मानहानि के एक मुकदमे में लोकसभा सांसदी से अयोग्य ठहराए जाने के बाद राहुल गांधी को 12 तुगलक लेन स्थित बंगला खाली करना पड़ा था। अगस्त में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश के बाद जब उनकी संसद सदस्यता बहाल की गई थी तब उनको वापस वही बंगला आवंटित किया गया। हालांकि राहुल ने सरकारी आवास नहीं लिया था। राहुल गांधी 19 साल तुगलक लेन में रहे। शुक्रवार को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा नई दिल्ली के सुनहरी बाग स्थित बंगला नंबर 5 को देखने पहुंची थीं। खबरों के मुताबिक केंद्र सरकार ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को यही घर ऑफर किया है। बंगले के आवंटन की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

राहुल गांधी ने पिछले साल 23 अप्रैल को 12, तुगलक लेन स्थित बंगला छोड़ दिया था और मां सोनिया गांधी के साथ शिफ्ट हो गए थे। राहुल के करीबी सहयोगी बताते हैं कि वह 10 जनपथ बंगले में रह रहे हैं। मोदी सरनेम मामले में दोषी साबित होने के बाद उन्हें सांसद के तौर पर अयोग्य घोषित कर दिया गया था। अयोग्य घोषित होने के 137 दिनों का बाद 7 अगस्त को उनकी सदस्यता बहाल कर दी गई थी। उस दौरान भारत के शीर्ष न्यायालय ने ट्रायल कोर्ट के आदेश पर रोक लगा दी थी, जिसे गुजरात हाईकोर्ट ने पहले बरकरार रखा था। सदस्यता बहाल होने के बाद 8 अगस्त को ही लोकसभा सचिवालय की तरफ से अधिसूचना जारी कर दी गई थी और राहुल को उनका बंगला दोबार आवंटित कर दिया गया था। लेकिन राहुल वहां रहने के लिए नहीं गए।