रेलवे की चेतावनी, ट्रेनों में स्टंट करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

मुंबई। ट्रेनों में स्टंट करने वालों को अब सावधान हो जाने की जरूरत है। अगर मनमानी की गई तो इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है। दरअसल, मुंबई के सेवरी स्टेशन पर चलती लोकल ट्रेन पर चढ़कर एक अज्ञात लड़के को खतरनाक कलाबाजी करते देखा गया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद मध्य रेलवे को सख्त चेतावनी जारी करने के साथ उस लड़के की तलाश शुरू करनी पड़ी। यह स्टंट हार्बर लाइन नेटवर्क पर किया गया था।

कुछ इंटरनेट यूजर्स की ओर से घटना का वीडियो सोशल मीडिया मंच एक्स पर शेयर किया गया था। इसके बाद मध्य रेलवे ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को मामला दर्ज करने का निर्देश दिया। एक अधिकारी ने रविवार को कहा कि लड़के का पता लगाने और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
मध्य रेलवे ने एक विज्ञप्ति जारी कर जनता से ऐसे असुरक्षित कृत्यों से बचने की अपील की जो इसमें शामिल व्यक्तियों और अन्य यात्रियों, दोनों के जीवन के लिए खतरा हैं। मध्य रेलवे ने इस बात पर जोर दिया कि इन खतरनाक कृत्यों के घातक परिणाम हो सकते हैं और स्टंट करने वाले समेत अन्य यात्रियों के जीवन को खतरे में डाल सकते हैं।

कोंकण रेलवे मार्ग पर भूस्खलन से रेल सेवाएं प्रभावित
दूसरी ओर, महाराष्ट्र के रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों में रविवार शाम भारी बारिश के बीच भूस्खलन के कारण कोंकण रेलवे मार्ग पर ट्रेन सेवाएं ठप हो गईं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। कोंकण रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि भूस्खलन शाम करीब 5 बजे विन्हेरे (रायगढ़) और दीवान खावती (रत्नागिरी) स्टेशनों के बीच एक सुरंग के ठीक बाहर हुआ। उस समय इस खंड से कोई ट्रेन नहीं गुजर रही थी। अधिकारी ने बताया कि कोंकण मार्ग पर विभिन्न स्टेशनों पर लंबी दूरी की 5-6 ट्रेनें रोक दी गई हैं। पटरी साफ करने के लिए कर्मचारियों और मशीनों को घटनास्थल पर ले जाया गया है।

You may have missed