November 19, 2026

करीना कपूर के 30 कैरेट पन्ना पेंडेंट पर विवाद, कुरान की आयत को लेकर कांग्रेस नेता ने भेजा कानूनी नोटिस

0
5-1794465670
नई दिल्ली ।बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान एक बार फिर अपने फैशन और शाही अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। हालांकि, इस बार उनके दिवाली लुक की वजह से एक नया विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, दिवाली के मौके पर करीना ने करीब 30 कैरेट के पन्ने से बना एक खास पेंडेंट पहना था, जिस पर इस्लाम की पवित्र आयत आयत-अल-कुर्सी उकेरी गई है। इस गहने को लेकर कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने आपत्ति जताई है। उन्होंने करीना कपूर और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजकर सोशल मीडिया से संबंधित तस्वीरें और वीडियो हटाने तथा सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।

करीना ने दिवाली के अवसर पर अपने पारंपरिक और शाही लुक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं। इन तस्वीरों में वह डिजाइनर पुनीत बलाना का तैयार किया हुआ बेज रंग का काफ्तान पहने दिखाई दी थीं। इसके साथ उन्होंने मैचिंग पगड़ी भी पहनी थी। उनके इस पूरे पहनावे में सबसे ज्यादा आकर्षण 30 कैरेट के पन्ने से बने पेंडेंट ने खींचा। शुरुआत में उनके इस लुक की खूब चर्चा हुई, लेकिन बाद में पेंडेंट पर लिखी धार्मिक आयत को लेकर विवाद शुरू हो गया।

करीब 200 साल पुरानी शाही विरासत है पेंडेंट

करीना के इस खास लुक को उनकी करीबी दोस्त और सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट रिया कपूर ने तैयार किया था। रिया ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया था कि अभिनेत्री ने लगभग 200 साल पुरानी शाही जूलरी पहनी है। इस विरासत में भोपाल के नवाब की कलगी और भोपाल की बेगम का 30 कैरेट का पन्ना शामिल है। इसी पन्ने पर कुरान की आयत आयत-अल-कुर्सी उकेरी गई है।

रिया के अनुसार, ये गहने भोपाल के शाही परिवार की विरासत हैं और पारिवारिक परंपरा के माध्यम से सैफ अली खान के परिवार तक पहुंचे हैं। इस तरह करीना द्वारा पहना गया पेंडेंट पटौदी और भोपाल के शाही परिवार के ऐतिहासिक संबंधों से जुड़ा हुआ है।

अब्बास हफीज ने नोटिस में रखीं तीन प्रमुख मांगें

11 नवंबर को अब्बास हफीज ने करीना कपूर और रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजा। इसमें उन तस्वीरों, वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट पर आपत्ति जताई गई है, जिनमें करीना इस पेंडेंट को पहने दिखाई दे रही हैं। नोटिस में दोनों से संबंधित सामग्री अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटाने, सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और भविष्य में इस तरह से पवित्र धार्मिक आयत वाले गहने को प्रस्तुत नहीं करने का आश्वासन देने की मांग की गई है।

अब्बास हफीज ने अपने विरोध का कारण स्पष्ट करते हुए कहा है कि उनकी आपत्ति करीना के कपड़ों, व्यक्तिगत पसंद या गहने पहनने की स्वतंत्रता को लेकर नहीं है। उनका कहना है कि विवाद का मुख्य विषय कुरान की पवित्र आयत को तस्वीरों में दिखाने का तरीका है। उनके मुताबिक, आयत-अल-कुर्सी जैसी धार्मिक लिखावट को सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत करते समय उसकी गरिमा और सम्मान का ध्यान रखा जाना चाहिए।

गहनों में कुरान की आयत लिखवाने पर भी उठे सवाल

कानूनी नोटिस में इस्लामी विद्वानों की राय का भी उल्लेख किया गया है। इसमें बताया गया है कि कुछ विद्वान कुरान की आयतों को गहनों के रूप में पहनने को उचित नहीं मानते। उनका तर्क है कि पवित्र धार्मिक लिखावट को ऐसी परिस्थितियों में नहीं रखा जाना चाहिए, जहां अनजाने में उसकी बेअदबी होने की आशंका हो। हालांकि, इस विषय पर सभी विद्वानों की राय एक जैसी नहीं है। अलग-अलग धार्मिक विचारों के अनुसार इस पर मतभेद भी मौजूद हैं।

सैफ अली खान के पारिवारिक इतिहास से जुड़ा है गहना

इस पेंडेंट का संबंध भोपाल के शाही परिवार की कई पीढ़ियों से है। भोपाल के अंतिम शासक नवाब हमीदुल्लाह खान की बेटी साजिदा सुल्तान, सैफ अली खान की दादी थीं। उनकी शादी इफ्तिखार अली खान पटौदी से हुई थी। दोनों के बेटे मंसूर अली खान पटौदी थे, जिन्हें टाइगर पटौदी के नाम से जाना जाता है। वह सैफ अली खान के पिता थे।

अब्बास हफीज ने अपने नोटिस में दावा किया है कि पेंडेंट को जिस अंदाज में प्रदर्शित किया गया, उससे मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों और भोपाल के पुराने शाही परिवारों से जुड़े लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने भोपाल की बेगमों की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के सम्मान का भी उल्लेख किया है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि कानूनी नोटिस कांग्रेस पार्टी की ओर से नहीं, बल्कि व्यक्तिगत हैसियत से भेजा गया है। फिलहाल करीना कपूर और रिया कपूर की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर है कि दोनों इस नोटिस पर क्या जवाब देती हैं और क्या दिवाली की तस्वीरें सोशल मीडिया से हटाई जाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed