दिलजीत दोसांझ का दोटूक जवाब, बोले- मेरे खिलाफ बोलोगे तो मैं भी चुप नहीं रहूंगा
दिलजीत ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में परफॉर्म करने को अपने लिए खास उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है और यहां कार्यक्रम करने का सपना लंबे समय से था। सिंगर ने बताया कि वह इससे पहले लंदन के वेम्बली स्टेडियम में भी शो कर चुके हैं लेकिन अहमदाबाद के इस स्टेडियम में प्रस्तुति देने की इच्छा अलग थी। उन्होंने दर्शकों का आभार जताते हुए कहा कि पिछले साल इसी मैदान पर कोल्डप्ले बैंड ने परफॉर्म किया था। उसी दिन उन्होंने तय कर लिया था कि एक दिन वह भी यहां अपना शो करेंगे।
इसके बाद दिलजीत ने कोल्डप्ले के गाने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बैंड जब अपने गाने में आई एम फीलिंग ड्रंक एंड हाई कहता है तो किसी को दिक्कत नहीं होती। लेकिन जब दिलजीत ऐसा गाता है तो विवाद खड़ा हो जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर यह दोहरा रवैया क्यों है। उनका कहना था कि किसी विदेशी कलाकार के गाने पर आपत्ति नहीं होती लेकिन उनके गाने को लेकर सवाल किए जाते हैं। दिलजीत ने इस तुलना के जरिए अपने ऊपर होने वाली आलोचना और पाबंदियों को लेकर नाराजगी जाहिर की।
सिंगर ने अपने भारतीय होने को लेकर उठाए जाने वाले सवालों का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उनका जन्म भारत में हुआ है और वह किसी दूसरे देश में पैदा नहीं हुए हैं। उन्होंने अपने साथ मंच पर मौजूद संगीतकारों की ओर इशारा करते हुए कहा कि ये सभी भारतीय हैं और यहीं पैदा हुए हैं। दिलजीत का यह बयान उन टिप्पणियों के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है जिनमें उनके विदेश में काम करने और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रस्तुति देने को लेकर सवाल उठाए जाते रहे हैं।
कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने यह भी कहा कि उन्हें उन लोगों से कोई परेशानी नहीं है जो उन पर पाबंदियां लगाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह अपनी तरफ से सभी को प्यार देते हैं और अपने काम का आनंद ले रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई उन्हें उकसाएगा तो वह चुप नहीं रहेंगे और जवाब देंगे। बिना किसी का नाम लिए उनका यह बयान चर्चा का विषय बन गया।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए दिलजीत ने पंजाबी में एक शेर भी सुनाया। इसका अर्थ था कि जो होना था वह होकर रहेगा और एक बार कोई सिलसिला शुरू हो जाए तो उसे आसानी से रोका नहीं जा सकता। उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि पता नहीं आगे चलकर शेर सुनाने पर भी पाबंदी लग जाए। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनके कॉन्सर्ट के वीडियो और प्रतिक्रियाएं चर्चा में हैं। फिलहाल दिलजीत ने किसी खास व्यक्ति या संगठन का नाम नहीं लिया है। इसलिए यह कहना मुश्किल है कि उनका निशाना किसकी ओर था।
