डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान, भारत-PAK से गाज़ा तक मैंने रुकवाए 8 युद्ध, बोले- वॉर सुलझाना मेरा…
नई दिल्ली । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान युद्धविराम को लेकर बड़ा दावा किया है। मिडिल ईस्ट की यात्रा से पहले ट्रंप ने कहा कि हालिया गाजा सीजफायर उनका आठवां सुलझाया युद्ध है और उन्होंने खुद को “युद्ध सुलझाने में माहिर” बताया।
ट्रंप ने कहा कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान समेत कई संघर्षों को आर्थिक उपायों और कूटनीति के जरिए रोकने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे तनाव को एक दिन में हल किया। ट्रंप ने इसे हल करने का तरीका बताते हुए कहा कि उन्होंने भारी टैरिफ की धमकी दी। 100%, 150% और 200% तक और 24 घंटे के भीतर मामला सुलझ गया। उनका कहना था कि बिना टैरिफ के युद्ध को रोकना मुश्किल था।
ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने ये सब नोबेल पुरस्कार के लिए नहीं किया, बल्कि वास्तविक समाधान के उद्देश्य से कार्रवाई की। उन्होंने पाकिस्तान-अफगानिस्तान विवाद को भी जल्द हल करने का दावा किया।
हालांकि, उनके दावों पर भारत ने स्पष्टीकरण दिया है। भारत ने कहा कि, 10 मई 2025 को घोषित युद्धविराम दोनों देशों के सैन्य नेतृत्व की सीधे बातचीत से तय हुआ और अमेरिका की किसी भी मध्यस्थता का इसमें कोई योगदान नहीं था। वहीं पाकिस्तान ने ट्रंप के दावों को स्वीकार किया।
एक्सपर्ट का कहना है कि, ट्रंप का यह बयान राजनीतिक और मीडिया सर्कल में चर्चा का विषय बन सकता है, क्योंकि उन्होंने अपनी कूटनीतिक छवि को उजागर करते हुए कई वैश्विक संघर्षों में अपनी भूमिका को बढ़ा-चढ़ा कर पेश किया है।
