November 25, 2026

दुनिया के सबसे बड़े ईसाई धर्मगुरु के जीवन का अनसुना सच, पोप फ्रांसिस ने डायरी में बताया शैतान से मुलाकात और सत्ता के प्रलोभन का अनुभव

0
untitled-1795586793

नई दिल्ली । दिवंगत पोप फ्रांसिस की निजी डायरी में उनके जीवन से जुड़े ऐसे अनुभव सामने आए हैं जिन्होंने दुनिया भर में चर्चा शुरू कर दी है। कैथोलिक चर्च के सर्वोच्च धर्मगुरु रहे पोप फ्रांसिस ने अपनी डायरी में आध्यात्मिक संघर्षों के साथ शैतान का सामना होने और सपने में नर्क का प्रवेश द्वार दिखाई देने का जिक्र किया है। डायरी के मुताबिक वर्ष 2021 और 2022 के दौरान वह करीब दो साल तक गंभीर आध्यात्मिक संकट से गुजरते रहे। इस दौर में उनके मन में सत्ता के इस्तेमाल को लेकर कई तरह के सवाल और प्रलोभन पैदा हुए। उन्हें यह भी महसूस हुआ कि धार्मिक और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच कहीं वह खुद को दूसरों से ऊपर समझने की भावना का शिकार तो नहीं हो रहे हैं।

पोप फ्रांसिस की डायरी के कुछ हिस्सों को हाल ही में प्रकाशित एक किताब में शामिल किया गया है। द प्राइवेट डायरी ऑफ पोप फ्रांसिस नाम की इस किताब को कार्डिनल विक्टर मैनुअल फर्नांडीज ने तैयार किया है। वह पोप फ्रांसिस के करीबी सहयोगियों में शामिल रहे हैं। करीब 160 पन्नों की इस किताब में डायरी की प्रविष्टियों के साथ कार्डिनल ने अपनी टिप्पणियां भी दी हैं। पुस्तक में मुख्य रूप से पोप के आध्यात्मिक जीवन और धार्मिक जिम्मेदारियों के दौरान सामने आई चुनौतियों को दर्ज किया गया है। पोप ने वर्ष 1992 से 2024 के बीच अलग-अलग समय पर अपनी डायरी में अनुभव लिखे थे। उस समय वह पहले अर्जेंटीना में बिशप और बाद में कैथोलिक चर्च के सर्वोच्च पद पर पहुंचे थे।

डायरी में पोप ने अपने जीवन में तीन बार शैतान का सामना होने की बात लिखी है। इनमें से दो घटनाएं उस समय की बताई गई हैं जब वह अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स के आर्कबिशप थे। तीसरी घटना वर्ष 2018 की है जब वह पोप बन चुके थे। उनके विवरण के मुताबिक शैतान की आंखें आग जैसी दिखाई देती थीं। उन्होंने इन आंखों को आकर्षित करने वाली बताया और लिखा कि पहली दो घटनाओं में दिखाई दी आंखों की छवि उन्हें लंबे समय तक याद रही। एक बार उन्होंने घर लौटते समय कार से उसे देखने का अनुभव किया था जबकि दूसरी बार चर्च में मास के दौरान गायक मंडली वाले हिस्से में ऐसा महसूस हुआ।

पोप फ्रांसिस ने सपनों में ईश्वर से संवाद होने का भी जिक्र किया है। एक प्रविष्टि में उन्होंने बताया कि एक बार उन्हें सपने में नर्क का प्रवेश द्वार दिखाई दिया। वर्ष 2018 से जुड़ी इस घटना को उन्होंने मूर्तिपूजा के प्रलोभन से जोड़कर देखा। उनके मुताबिक उन्होंने उस जगह में झांककर देखने की कोशिश की लेकिन डर के कारण पीछे हट गए। उन्होंने लिखा कि यह अनुभव सोने से पहले हुआ था और उन्होंने सुरक्षा के लिए माला उठा ली। इस अनुभव के बाद उन्होंने ईश्वर के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

किताब में पोप के आध्यात्मिक संकट के पीछे केवल धार्मिक अनुभवों को ही नहीं बल्कि जिम्मेदारियों और सत्ता से जुड़े दबावों को भी महत्वपूर्ण बताया गया है। वर्ष 2021 और 2022 के दौरान उन्हें प्रशासनिक फैसलों और शासन से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। लगातार व्यस्तता और खुद पर जरूरत से ज्यादा भरोसा करने की भावना भी उनके भीतर संघर्ष का कारण बनी। उन्होंने सत्ता के इस्तेमाल और अपने फैसलों को लेकर आत्ममंथन किया।

इस डायरी के खुलासों से पोप फ्रांसिस के सार्वजनिक जीवन के साथ उनके निजी आध्यात्मिक संघर्षों की भी झलक मिलती है। हालांकि शैतान और नर्क से जुड़े विवरण उनके व्यक्तिगत अनुभवों और धार्मिक मान्यताओं के रूप में सामने आए हैं। इनका उल्लेख किताब में उनकी डायरी की प्रविष्टियों के आधार पर किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed