November 27, 2026

विधानसभा चुनाव से दो साल पहले BJP का मास्टर प्लान: 230 सीटों पर सेवा दूत जानेंगे सरकार और संगठन का जमीनी हाल

0
untitled-1795759597

भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव भले ही अभी करीब दो साल दूर हों लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियों की शुरुआती कवायद तेज कर दी है। पार्टी अब यह जानने के लिए प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर फीडबैक अभियान चलाएगी कि सरकार के कामकाज से जनता कितनी संतुष्ट है और संगठन के प्रति कार्यकर्ताओं का रुख कैसा है। इसके लिए भाजपा ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में सेवा दूत नियुक्त किए हैं। इन सेवा दूतों को 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक अपनी निर्धारित विधानसभा में रहकर जमीनी स्थिति का आकलन करने की जिम्मेदारी दी गई है। अभियान के लिए पार्टी ने 25 दिन का डेली कैलेंडर भी तैयार किया है जिसमें हर दिन की गतिविधियां और जिम्मेदारियां पहले से तय की गई हैं।

भाजपा ने इस अभियान में मौजूदा विधायकों के साथ पूर्व विधायकों पूर्व सांसदों पूर्व जिला अध्यक्षों तथा निगम मंडल और बोर्ड के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों को भी जिम्मेदारी दी है। पार्टी का उद्देश्य केवल सरकार की योजनाओं का प्रचार करना नहीं है बल्कि यह पता लगाना भी है कि इन योजनाओं का वास्तविक लाभ लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं। इसके साथ ही लाभार्थियों और आम जनता के बीच सरकार को लेकर क्या धारणा है तथा स्थानीय स्तर पर संगठन कितना सक्रिय है इसकी जानकारी भी जुटाई जाएगी।

सेवा दूतों को अपने क्षेत्र में रहकर तीन प्रमुख स्तरों पर फीडबैक जुटाना होगा। सबसे पहले विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक और सामाजिक स्थिति का आकलन किया जाएगा। इसके साथ संगठन की सक्रियता और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय की स्थिति भी जानी जाएगी। दूसरे स्तर पर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जमीनी स्थिति देखी जाएगी। सेवा दूत लाभार्थियों से बातचीत कर यह जानेंगे कि उन्हें योजनाओं का लाभ मिला या नहीं और वे सरकार की कार्यप्रणाली से संतुष्ट हैं या नाराज। तीसरे स्तर पर जनता के बीच चल रहे स्थानीय मुद्दों और राजनीतिक नैरेटिव की जानकारी जुटाई जाएगी।

इस अभियान में सेवा दूत स्थानीय नागरिकों जनप्रतिनिधियों पार्टी कार्यकर्ताओं और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधे संवाद करेंगे। लाभार्थियों के अनुभव और उनकी सफलता की कहानियों को भी रिकॉर्ड किया जाएगा। इससे पार्टी को यह समझने में मदद मिलेगी कि सरकारी योजनाओं ने लोगों के जीवन में किस तरह का बदलाव किया है और किन क्षेत्रों में अभी भी समस्याएं बनी हुई हैं।

भाजपा ने निगम मंडलों और बोर्डों के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों को भी अलग अलग विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी है। राज्यसभा सांसद माया नारोलिया भोपाल दक्षिण पश्चिम विधायक भगवानदास सबनानी नरयावली विधायक प्रदीप लारिया और पूर्व सांसद अशोक अर्गल समेत कई वरिष्ठ नेताओं को सेवा दूत बनाया गया है। कुछ जिला अध्यक्षों को भी उनके अपने जिले के बजाय दूसरे जिले की विधानसभा की जिम्मेदारी दी गई है ताकि फीडबैक अधिक निष्पक्ष तरीके से लिया जा सके।

सेवा दूतों को पांच मंडलों में जाकर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठकें करनी होंगी। इसके अलावा शक्ति केंद्र स्तर पर भी लोगों से संवाद किया जाएगा। अभियान में स्थानीय प्रभावशाली लोगों और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स को जोड़ने की योजना भी है। इसके तहत विकसित भारत यात्रा निकाली जाएगी जिसमें विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख सड़कों रेलवे स्टेशन अस्पताल जल परियोजनाओं और अन्य विकास कार्यों का दौरा किया जाएगा।

इस यात्रा का उद्देश्य क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को लोगों के सामने लाना और उनका रिकॉर्ड तैयार करना है। कंटेंट क्रिएटर्स को इन विकास कार्यों पर पोस्ट और वीडियो बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इन सामग्री को पार्टी और नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा किया जाएगा। इस तरह भाजपा का यह अभियान एक साथ सरकार के कामकाज संगठन की स्थिति जनता की नाराजगी और स्थानीय समस्याओं का फीडबैक जुटाने के साथ आगामी चुनाव की जमीन तैयार करने की कवायद भी माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed