November 23, 2026

MP के आधे हिस्से में बादलों का डेरा, पूर्वी जिलों में बारिश के आसार, दिन के तापमान में आयी गिरावट

0

भोपाल। मध्य प्रदेश में एक साथ सक्रिय कई मौसमी सिस्टम के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। रविवार को प्रदेश के करीब आधे हिस्से में बादल छाए रहे, जबकि पूर्वी जिलों के कुछ इलाकों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के 13 जिलों में आंधी के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। इस बीच दिन के तापमान में गिरावट आने से लोगों को दिन में भी ठंड महसूस होने लगी है।

मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक, सतना, रीवा, मैहर, कटनी, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में सोमवार को बारिश हो सकती है। वहीं, जबलपुर और सागर संभाग के अन्य जिलों में बादल छाए रहने की संभावना है। प्रदेश के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में भी एक चक्रवाती सिस्टम सक्रिय है, जिसका असर कुछ इलाकों में दिखाई दे सकता है।

रात के मुकाबले दिन में बढ़ी ठंड

मौसम में बदलाव के बीच प्रदेश में दिन के तापमान में ज्यादा गिरावट दर्ज की जा रही है। कई शहरों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। दूसरी ओर, रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिली है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बीती रात शाजापुर जिले के गिरवर में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बैतूल में 11.7 डिग्री और नौगांव में 13.2 डिग्री तापमान रहा।

इसके अलावा नीमच के मरुखेड़ा, खरगोन और नरसिंहपुर में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। ग्वालियर में 13.5 डिग्री, रतलाम में 14.2 डिग्री, भोपाल में 14.6 डिग्री और धार में 14.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

तीन मौसमी सिस्टम से बदला मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल तीन मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। इनमें पूर्वी हिस्से में बना निम्न दाब क्षेत्र और ट्रफ शामिल हैं। इनके प्रभाव से पूर्वी मध्य प्रदेश में बादल छाने और आंधी-बारिश का दौर बना हुआ है। दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में सक्रिय चक्रवाती सिस्टम भी कुछ जिलों के मौसम को प्रभावित कर सकता है।

दूसरी ओर, उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण ठंडी हवाएं मध्य प्रदेश की ओर आ रही हैं। इसका असर तापमान पर पड़ रहा है और दिन में ठंडक बढ़ गई है।

सिस्टम के आगे बढ़ने पर बढ़ेगी सर्दी

कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी जारी है। पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं के कारण प्रदेश में ठंड का असर महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, मौजूदा सिस्टम के आगे बढ़ने के बाद प्रदेश में ठंड और तेज हो सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed