November 28, 2026

देवास में CM मोहन यादव का सख्त एक्शन, उद्योग विभाग के GM सस्पेंड, पर्यवेक्षक और ठेकेदार पर भी कार्रवाई

0
photo-3-1795838624

देवास। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनसमस्याओं के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। देवास में आयोजित ‘समाधान ऑनलाइन’ कार्यक्रम के दौरान उन्होंने उद्योग विभाग के महाप्रबंधक रतन सिंह डावर को निलंबित करने, महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक की एक वेतन वृद्धि रोकने और नल-जल योजना के ठेकेदार पर एक लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित ‘समाधान ऑनलाइन’ कार्यक्रम में आवेदकों से सीधे संवाद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग शिकायतों की सुनवाई की और अधिकारियों से जवाब मांगा। शिकायतों के निराकरण में लापरवाही सामने आने पर उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आम लोगों की समस्याओं को अनदेखा करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

शिकायत की फाइल नहीं दिखा पाए अधिकारी, GM को किया निलंबित

एक आवेदक की शिकायत पर सुनवाई के दौरान संबंधित अधिकारी न तो समस्या का संतोषजनक समाधान बता सके और न ही प्रकरण की फाइल प्रस्तुत कर पाए। इस पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई और देवास के उद्योग विभाग के महाप्रबंधक रतन सिंह डावर को निलंबित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेताया कि जनसमस्याओं के निराकरण में लापरवाही और जवाबदेही से बचने की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

छात्रा की छात्रवृत्ति दूसरे खाते में पहुंची, पर्यवेक्षक पर कार्रवाई

कार्यक्रम में देवास की छात्रा सलोनी सिसोदिया ने लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत मिलने वाली छात्रवृत्ति नहीं मिलने की शिकायत की। जांच में सामने आया कि छात्रवृत्ति की राशि छात्रा के बैंक खाते में पहुंचने के बजाय किसी दूसरे खाते में जमा हो गई थी।

मामले में महिला एवं बाल विकास विभाग की संबंधित पर्यवेक्षक की ओर से जरूरी फॉलोअप नहीं किया गया था। मुख्यमंत्री ने इसे लापरवाही मानते हुए पर्यवेक्षक की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।

नल-जल योजना के ठेकेदार पर एक लाख रुपये की पेनल्टी

देवास निवासी सुरेश मालवीय ने नल-जल योजना से संबंधित शिकायत रखी। मामले की सुनवाई में लापरवाही सामने आने पर मुख्यमंत्री ने संबंधित ठेकेदार पर एक लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना से जुड़ी समस्याओं का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने को भी कहा।

सैनिक पवन यादव के परिवार को 10 लाख रुपये की सहायता

मुख्यमंत्री ने जम्मू-कश्मीर में तैनाती के दौरान ऊंचाई से गिरने के कारण जान गंवाने वाले देवास निवासी सैनिक पवन यादव के परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने सैनिक के परिजनों से बातचीत कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

सैनिक को शहीद का दर्जा दिए जाने के संबंध में भी प्रकरण का परीक्षण कराने की बात कही गई।

किसान को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद

कार्यक्रम में वन अधिकार पट्टाधारी किसान लाल सिंह ने फसल बीमा की राशि नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही अधिकारियों को लंबित फसल बीमा राशि के भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अन्य आवेदकों की शिकायतें भी सुनीं और संबंधित विभागों को तय समय-सीमा में उनका निराकरण करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed