November 19, 2026

MP में बढ़ी ठंड की ठिठुरन, भोपाल-इंदौर पचमढ़ी से भी ठंडे, 20 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे

0
photo-1-1794542319

भोपाल । मध्य प्रदेश में सर्दी का असर तेज होने लगा है। पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी का असर प्रदेश के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है। रात के तापमान में गिरावट के साथ सुबह के समय धुंध छाने लगी है। बीती रात प्रदेश के 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। कटनी जिले का करौंदी 10.6 डिग्री तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। वहीं, भोपाल और इंदौर में पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंड दर्ज की गई।

मौसम केंद्र (IMD) के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके मुकाबले इंदौर में पारा 11.1 और भोपाल में 12.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम में आ रहे इस बदलाव के चलते आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।

पांच दिन में 2 डिग्री तक गिर सकता है पारा

मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी का दौर जारी है। इसके अलावा 14 और 15 नवंबर को राजस्थान के बीकानेर संभाग में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश होने की संभावना है। इन मौसमी गतिविधियों के कारण मध्य प्रदेश में उत्तरी हवाओं का असर बढ़ सकता है।

इससे अगले पांच दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। रात के साथ सुबह और देर शाम ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा।

फिलहाल बारिश का अलर्ट नहीं

मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के किसी भी हिस्से में आंधी या बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। ऐसे में फिलहाल मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में नया मौसम सिस्टम सक्रिय होने पर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।

ग्वालियर-चंबल में बढ़ेगी ठंड

नवंबर के दूसरे पखवाड़े से ग्वालियर-चंबल संभाग में ठंड का असर और तेज होने की संभावना है। इस क्षेत्र में सीधी उत्तरी हवाएं चलने से न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट आ सकती है। आने वाले दिनों में प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में सर्दी ज्यादा सताएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed