बैंक खाते के बदले मिलते थे सिर्फ 10 हजार रुपए, फिर उन्हीं खातों से देशभर में ठगी की रकम का खेल; इंदौर क्राइम ब्रांच ने पकड़ा मुख्य आरोपी
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक इस पूरे मामले का खुलासा फेडरल बैंक के एक संदिग्ध म्यूल अकाउंट की जांच के दौरान हुआ। पुलिस को इस खाते के संबंध में शिकायत मिली थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने बैंक खाते से जुड़े दस्तावेजों और तकनीकी जानकारियों की पड़ताल शुरू की। जांच में पता चला कि खाते का मूल धारक इंदौर निवासी अंशु है। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो सामने आया कि उसने 10 हजार रुपए लेकर अपना बैंक खाता रतलाम निवासी पप्पू उर्फ पंकज मीणा को सौंप दिया था। इसके बाद खाते का पूरा संचालन आरोपी के हाथ में चला गया और वह इसका इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम हासिल करने के लिए करने लगा।
पुलिस ने इस मामले में खाता उपलब्ध कराने वाले इंदौर निवासी अंशु के खिलाफ भी धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। जांच में यह बात सामने आई कि जिस बैंक खाते को आरोपी ने हासिल किया था वह केवल इंदौर तक सीमित साइबर अपराध से जुड़ा नहीं था। इस खाते के खिलाफ तमिलनाडु और तेलंगाना में भी साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। तमिलनाडु के कल्लाकुरिची साइबर क्राइम थाने और तेलंगाना के मलकाजगिरी साइबर क्राइम थाने में इस खाते से संबंधित मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। इससे पुलिस को अंदेशा है कि इस नेटवर्क के जरिए अलग-अलग राज्यों में ठगी की रकम का लेनदेन किया जा रहा था।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी पंकज मीणा ने इसी तरीके से कई अन्य लोगों के बैंक खाते हासिल करने की बात सामने आई है। वह लोगों को 10 हजार रुपए देने का लालच देकर उनके खाते लेता था। ऐसे खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम को मंगवाने और आगे ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। क्राइम ब्रांच अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह के दूसरे सदस्यों और उसके पास मौजूद अन्य बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कितने लोगों के खाते इस नेटवर्क में इस्तेमाल हुए और इनके जरिए कितनी रकम का लेनदेन किया गया।
इसी बीच इंदौर की लसूड़िया पुलिस ने भी बैंक खाते खरीदने के एक अन्य मामले में कार्रवाई की है। टीआई राजकुमार यादव की टीम ने मंदसौर जिले के धरियाखेड़ी निवासी शुभम पुत्र विनोद मालवीय को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एसबीआई की चेकबुक और एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं। ये दस्तावेज रतलाम के सांवलिया बैंकिंग पॉइंट से जुड़े विनोद के नाम पर हैं। पूछताछ में शुभम ने बताया कि उसने यह बैंक खाता 10 हजार रुपए में खरीदा था। आरोपी ने खाते को ऑनलाइन गेमिंग में इस्तेमाल करने के लिए खरीदा था। पुलिस अब उससे यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने और कितने खाते खरीदे थे और इस काम में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
