भिंड के हर्ष का म्यूल अकाउंट खोल रहा साइबर ठगी के नेटवर्क की पोल 11 शहरों से आई शिकायतों के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस
यह पूरा मामला ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0 के तहत चल रही जांच में उजागर हुआ। राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय भोपाल की ओर से साइबर वित्तीय अपराधों में इस्तेमाल होने वाले संदिग्ध बैंक खातों की सूची ग्वालियर पुलिस को भेजी गई थी। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 1 से 28 नवंबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान गोला का मंदिर थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक जयेंद्र सिंह कुशवाह ने संदिग्ध खातों की पड़ताल शुरू की। जांच के दौरान गोला का मंदिर स्थित इंडियन बैंक का एक खाता पुलिस के रडार पर आया।
पुलिस ने बैंक से खाताधारक की केवाईसी खाता खोलने से संबंधित दस्तावेज और बैंक स्टेटमेंट हासिल किए। इसके बाद इन जानकारियों का नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल और समन्वय पोर्टल पर दर्ज शिकायतों से मिलान किया गया। जांच में सामने आया कि इस खाते के खिलाफ मध्य प्रदेश उत्तर प्रदेश महाराष्ट्र और दिल्ली के कुल 11 शहरों से साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। यानी एक ही बैंक खाते का इस्तेमाल अलग-अलग शहरों में लोगों से ठगी गई रकम को इधर से उधर पहुंचाने के लिए किया जा रहा था।
जांच में बैंक खाते के मालिक की पहचान हर्ष गोयल पुत्र अशोक कुमार गोयल के रूप में हुई है। वह भिंड जिले के गोहद स्थित वार्ड क्रमांक 14 सदर बाजार का निवासी है। पुलिस के मुताबिक हर्ष ने कथित तौर पर अवैध आर्थिक लाभ और कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता सिम कार्ड और यूपीआई आईडी साइबर ठगों को उपलब्ध कराए थे। इस तरह उसका खाता ठगी की रकम हासिल करने और उसे आगे दूसरे खातों तक पहुंचाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।
बैंक स्टेटमेंट की जांच में रकम के लेन-देन का एक संदिग्ध पैटर्न भी सामने आया। पीड़ितों से ठगी गई रकम खाते में जमा होने के बाद जल्द ही दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी जाती थी। कुछ राशि एटीएम और यूपीआई के जरिए भी निकाली गई। पुलिस के मुताबिक खाते में जमा हुई और निकाली गई कुल रकम लगभग समान पाई गई। इससे आशंका मजबूत हुई कि खाते का इस्तेमाल ठगी की रकम को आगे पहुंचाने के लिए किया जा रहा था।
प्रारंभिक जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर गोला का मंदिर थाना पुलिस ने हर्ष के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य बैंक खातों और मुख्य साइबर ठगों की पहचान करने में जुटी है। जांच का अगला फोकस यह पता लगाना है कि ठगी की रकम किन लोगों तक पहुंची और इस पूरे नेटवर्क में हर्ष के अलावा कौन-कौन शामिल है।
