October 8, 2026

नयागांव रेलवे पुल पर दर्दनाक हादसा, दोस्तों के साथ पिकनिक से लौट रहे नमकीन कारोबारी ने तोड़ा दम, कार चालक फरार

0
untitled-1791372088
ग्वालियर । ग्वालियर में तेज रफ्तार का कहर एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गया। मंगलवार शाम नयागांव इलाके में रेलवे पुल के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 38 वर्षीय नमकीन कारोबारी गौरव जैन की मौत हो गई। हादसे के समय गौरव अपने दो दोस्तों मनीष राजौरिया और कुशल कुशवाहा के साथ एक्टिवा पर सवार होकर पनिहार से ग्वालियर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने राहगीरों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। वहां इलाज शुरू होने के कुछ ही देर बाद गौरव जैन ने दम तोड़ दिया। वहीं उनके दोनों दोस्तों का इलाज जारी है और डॉक्टर उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं।

गौरव जैन ग्वालियर के भाऊ साहब का बाजार इलाके में रहते थे और नमकीन का कारोबार करते थे। बताया गया है कि उन्होंने हाल ही में अपना कारोबार व्यवस्थित किया था और काम अच्छी तरह चलने लगा था। परिवार की जिम्मेदारियां भी गौरव के कंधों पर थीं। वह अभी अविवाहित थे और परिवार में उनकी शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। मंगलवार को अवकाश होने के कारण उन्होंने दोस्तों के साथ कुछ समय बाहर बिताने का फैसला किया था। गौरव अपने दोस्त मनीष राजौरिया और कुशल कुशवाहा के साथ बरई पनिहार की वादियों और पहाड़ी झरनों की ओर पिकनिक मनाने गए थे। दिनभर दोस्तों के साथ समय बिताने के बाद शाम को तीनों एक ही एक्टिवा से ग्वालियर वापस लौट रहे थे लेकिन नयागांव रेलवे पुल के पास उनकी यह यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई।

पुलिस के मुताबिक सामने से आ रही कार काफी तेज रफ्तार में थी। कार चालक ने कथित तौर पर लापरवाही से वाहन चलाते हुए एक्टिवा को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके पर नहीं रुका बल्कि वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस टोल नाकों के फुटेज भी खंगाल रही है ताकि दुर्घटना के बाद फरार हुई कार और उसके चालक का पता लगाया जा सके।

एएसपी जयराज कुबेर ने बताया कि गौरव अपने दोनों दोस्तों के साथ पनिहार में नदी किनारे पिकनिक मनाने गए थे। शाम को तीनों एक्टिवा से ग्वालियर लौट रहे थे। नयागांव रेलवे पुल के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी एक्टिवा में टक्कर मार दी। हादसे में गौरव को गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं मनीष और कुशल भी गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुटी है। बुधवार को गौरव के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। हादसे की खबर के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और जिस युवक के घर में शादी की तैयारियों को लेकर बातचीत चल रही थी वहां अब अचानक दुख का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *