November 26, 2026

दाल बाजार से हॉस्पिटल रोड तक हर घंटे जाम: कहीं सड़क पर खड़े वाहन तो कहीं दुकानों का सामान बना मुसीबत

0
untitled-1795677791

ग्वालियर । ग्वालियर के प्रमुख बाजारों में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से यातायात की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। शहर के व्यस्त बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोगों के साथ स्थानीय दुकानदार और राहगीर भी रोज जाम से जूझ रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि कई इलाकों में हर घंटे वाहनों की कतार लग जाती है। सड़क किनारे बेतरतीब खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहन रास्ते को संकरा कर देते हैं। इसके अलावा दुकानों के बाहर रखा सामान और माल की लोडिंग-अनलोडिंग भी यातायात में बाधा बन रही है। लोहिया बाजार से लेकर दाल बाजार और हॉस्पिटल रोड तक पार्किंग की समस्या लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।

शहर के पांच प्रमुख बाजारों में यह समस्या सबसे ज्यादा दिखाई दे रही है। इनमें लोहिया बाजार दाल बाजार नया बाजार महाराज बाड़ा और हॉस्पिटल रोड शामिल हैं। इन इलाकों में रोजाना बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और दूसरे कामों के लिए पहुंचते हैं। लेकिन पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग अपने वाहन सड़कों के किनारे खड़े कर देते हैं। इससे सड़क का बड़ा हिस्सा घिर जाता है और दूसरे वाहनों को निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलती। सुबह और शाम के व्यस्त समय में स्थिति और बिगड़ जाती है।

हॉस्पिटल रोड पर पार्किंग की समस्या सबसे ज्यादा चिंता का विषय है। यहां कई बड़े अस्पताल संचालित हैं लेकिन पर्याप्त पार्किंग सुविधा नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों के वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं। अस्पताल आने वाले लोगों के लिए वाहन खड़ा करने की जगह नहीं मिलने से सड़क पर ही पार्किंग करनी पड़ती है। इसके कारण सड़क का बड़ा हिस्सा घिर जाता है। कई बार एम्बुलेंस को भी रास्ता निकालने में परेशानी होती है। अस्पतालों के आसपास जाम लगने से मरीजों को समय पर इलाज तक पहुंचाने में भी मुश्किल पैदा हो सकती है।

हुजरात क्षेत्र को दौलतगंज और महाराज बाड़ा से जोड़ने वाले बालाबाई के बाजार में भी दिनभर यातायात का दबाव बना रहता है। यहां थोक दवा कारोबार के चलते मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव ग्राहक और दुकानदार बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। लोग अपने दोपहिया वाहन सड़क पर खड़े कर देते हैं। इसके अलावा दुकानों के बाहर रखे दवाइयों के बड़े कार्टन भी रास्ते की जगह घेर लेते हैं। इससे बाजार में वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और कई बार जाम की स्थिति बन जाती है।

लोहिया बाजार को जिंसी मार्ग से जोड़ने वाली लिंक रोड पर भी यातायात व्यवस्था प्रभावित रहती है। यहां लोहे के सरियों की दुकानें और गोदाम होने के कारण दिनभर माल की आवाजाही होती है। दिन में छोटे लोडिंग वाहनों से सरियों की लोडिंग और अनलोडिंग की जाती है। वहीं रात में बड़े ट्रकों से माल उतारा जाता है। लंबे सरियों को लेकर गुजरने वाले वाहनों से रास्ता बाधित होने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।

दाल बाजार में जाम की समस्या दूर करने के लिए पहले भी व्यापारियों के साथ बैठकें की जा चुकी हैं। यातायात सुधारने के लिए नियम बनाने की कोशिश भी हुई लेकिन हालात में अपेक्षित बदलाव नहीं आया। यहां लोडिंग वाहन मनमाने तरीके से खड़े होकर माल चढ़ाते और उतारते हैं। इससे बाजार की सड़क पर वाहनों की आवाजाही रुक जाती है। सराफा बाजार सिटी सेंटर नया बाजार मुरार और थाटीपुर जैसे इलाकों में भी सड़क के दोनों ओर वाहन खड़े होने से परेशानी बनी रहती है।

लगातार बढ़ती समस्या के बीच नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने कार्रवाई का भरोसा दिया है। उनका कहना है कि नगर निगम जल्द ही ट्रैफिक विभाग के साथ मिलकर सर्वे कराएगा। सर्वे में उन स्थानों को चिन्हित किया जाएगा जहां अवैध तरीके से वाहन खड़े किए जा रहे हैं। इसके बाद नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि यह सर्वे बाजारों की पार्किंग समस्या का स्थायी समाधान निकाल पाता है या फिर ग्वालियर के लोगों को रोजाना जाम से जूझना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed