November 19, 2026

दिवाली के पटाखों का धुआं अब भी इंदौर की हवा में, तीसरे दिन AQI 300 पार, अस्पतालों में सांस के मरीज 50% बढ़े

0
untitled-1794383375

इंदौर । दिवाली के बाद इंदौर में वायु प्रदूषण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। त्योहार के दौरान हुई आतिशबाजी का धुआं तीन दिन बाद भी वातावरण में बना हुआ है। मंगलवार को लगातार तीसरे दिन शहर का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI 300 के पार दर्ज किया गया। सोमवार को यह आंकड़ा 288 था जबकि मंगलवार शाम 5 बजे मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के ऑनलाइन आंकड़ों के मुताबिक औसत AQI करीब 306 पहुंच गया। इस तरह एक दिन में प्रदूषण के स्तर में करीब 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। खराब होती हवा का असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। सरकारी और निजी अस्पतालों के साथ क्लिनिकों में सांस से जुड़ी शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीजों की संख्या करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ गई है।

विशेषज्ञों के मुताबिक प्रदूषण बढ़ने की वजह सिर्फ दिवाली के पटाखे नहीं हैं। तापमान में गिरावट और हवा की रफ्तार कम होने से भी प्रदूषक तत्व वातावरण में लंबे समय तक टिके हुए हैं। त्योहार की छुट्टियां खत्म होने के बाद सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ने से भी स्थिति बिगड़ रही है। हवा की गति फिलहाल महज 2 से 3 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है। वहीं रात का तापमान 14 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है। इन परिस्थितियों में धुआं और धूल तेजी से फैल नहीं पा रहे हैं।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पूर्व वैज्ञानिक डॉ. दिलीप वाघेला के अनुसार पटाखों से निकलने वाले प्रदूषक तत्वों का प्रभाव सामान्य तौर पर करीब 72 घंटे तक बना रह सकता है। मौजूदा मौसम में इन्वर्जन और एयरोसोल प्रभाव के कारण धूल और धुएं की परत वातावरण में जमा हो रही है। इससे प्रदूषक कण हवा में ही बने रहते हैं और उनकी मात्रा कम होने में समय लगता है। उन्होंने प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए नगर निगम को सड़कों पर पानी का छिड़काव कराने नियमित सफाई करने और दूसरे जरूरी उपाय अपनाने की सलाह दी है।

शहर के अलग-अलग इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है। मंगलवार शाम मेघदूत पार्क क्षेत्र में AQI 343 दर्ज किया गया जबकि छोटी ग्वालटोली में भी प्रदूषण का स्तर 300 के पार रहा। पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे प्रदूषक कणों की मात्रा भी करीब 300 के आसपास बनी हुई थी। इसकी तुलना में दिवाली की रात 8 नवंबर को शहर का औसत AQI 221 दर्ज किया गया था। इसके बाद लगातार बढ़ते आंकड़े बताते हैं कि त्योहार के बाद भी हवा की गुणवत्ता सामान्य नहीं हो पाई है।

खराब हवा का सबसे ज्यादा असर सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों पर पड़ रहा है। पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. रवि डोसी के मुताबिक अस्पतालों में अस्थमा ब्रोंकाइटिस और सीओपीडी के पुराने मरीजों की परेशानी बढ़ी है। इसके अलावा ऐसे लोग भी इलाज के लिए पहुंच रहे हैं जिन्हें पहले सांस संबंधी कोई बीमारी नहीं थी। एमआर टीबी अस्पताल की रेस्पिरेटरी ओपीडी में मंगलवार को करीब 140 मरीज पहुंचे जिनमें लगभग 30 प्रतिशत नए मरीज थे। अस्पताल अधीक्षक डॉ. संजय अवासिया के अनुसार प्रदूषण के कारण पहले से बीमार लोगों की तकलीफ भी बढ़ रही है।

इंदौर में प्रदूषण से जुड़ी परेशानी के गंभीर मामले भी सामने आए हैं। वल्लभ नगर निवासी 60 वर्षीय अस्थमा पीड़ित महिला को रविवार रात से तेज खांसी और सांस लेने में परेशानी होने लगी। हालत बिगड़ने पर उन्हें सुबह निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इसी तरह क्लर्क कॉलोनी निवासी 56 वर्षीय व्यक्ति को तेज खांसी और सीने में जकड़न की शिकायत हुई। डॉक्टर ने उन्हें इनहेलर और अन्य दवाएं नियमित रूप से लेने की सलाह दी।

विशेषज्ञों ने बच्चों बुजुर्गों गर्भवती महिलाओं और अस्थमा सीओपीडी व हृदय रोग से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। अगले कुछ दिनों तक सुबह जल्दी सैर दौड़ने और खुले में व्यायाम करने से बचना चाहिए। जरूरत पड़ने पर बाहर निकलते समय अच्छी फिटिंग वाला मास्क लगाना चाहिए। घरों में झाड़ू लगाने के बजाय गीले पोछे का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है ताकि धूल हवा में न फैले। सांस फूलने सीने में दर्द या जकड़न लगातार खांसी चक्कर आने अथवा आंखों में जलन जैसी परेशानी होने पर डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है। फिलहाल इंदौर के सामने चुनौती यह है कि मौसम में बदलाव और प्रदूषण नियंत्रण के उपायों के जरिए हवा की गुणवत्ता को जल्द सामान्य किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed