पहले नशा कराकर दो दोस्तों को मारने का बनाया प्लान फिर एक को बुलाकर खत्म कर दिया: इंदौर में दोस्ती के पीछे छिपी खौफनाक साजिश का खुलासा
पुलिस पूछताछ में अजय ने बताया कि दीपावली के दूसरे दिन उसने विनय को अपनी पत्नी के साथ देख लिया था। इसके बाद से ही वह विनय से बदला लेने की सोच रहा था। उसे यह भी शक था कि विनय के साथ ननकू के भी उसकी पत्नी से संबंध हैं। इसी वजह से उसने दोनों को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। आरोपी चाहता था कि दोनों को नशा कराने के बाद उनकी हत्या कर दी जाए और इस तरह हत्या का आरोप एक-दूसरे पर आ जाए। हालांकि वारदात से एक दिन पहले ननकू अपने परिवार से मिलने आलीराजपुर चला गया। इस वजह से वह आरोपी की साजिश का शिकार होने से बच गया।
जैकेट का बहाना बनाकर बुलाया और कर दी हत्या
ननकू के बाहर जाने के बाद अजय ने विनय को निशाना बनाया। उसने जैकेट का बहाना बनाकर उसे मिलने के लिए बुलाया और फिर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को जलाने की कोशिश की ताकि मृतक की पहचान न हो सके। शनिवार रात आजाद नगर में सिग्नेचर हाइट्स के पास आईआर-2 रोड पर करीब 25 वर्षीय विनय का जला हुआ शव मिला था। शव बुरी तरह जल चुका था और शुरुआत में उसकी पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था।
सिर में लगी प्लेट से खुला पहचान का राज
मृतक की पहचान के लिए पुलिस ने मेडिकल जांच का सहारा लिया। रविवार को एमवाय अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के दौरान डॉक्टरों को उसके सिर में पुरानी सर्जरी के निशान मिले। एक्स-रे कराने पर सिर में लगी सर्जिकल प्लेट दिखाई दी। पुलिस ने प्लेट की सप्लाई करने वाली कंपनी के जरिए इंदौर की सर्जिकल कंपनी तक जानकारी जुटाई। पता चला कि वर्ष 2025 में कंपनी को मिली तीन प्लेटों में से एक सुयश अस्पताल और दो अरबिंदो अस्पताल को दी गई थीं।
सुयश अस्पताल में संबंधित मरीज के जीवित होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस अरबिंदो अस्पताल पहुंची। वहां न्यूरो सर्जन ने वर्ष 2025 में हुई दो सर्जरी का रिकॉर्ड दिखाया। रिकॉर्ड में विनायक उर्फ विनय की तस्वीर मिली। शव के सीने पर बने बाज के टैटू से भी उसकी पहचान की पुष्टि हुई।
हादसे में लगी थी सिर में चोट
जांच में पता चला कि वर्ष 2025 में विनय का अजय और सुजीत पटेल के साथ बाइक से एक्सीडेंट हुआ था। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। अरबिंदो अस्पताल में आयुष्मान योजना के तहत उसका ऑपरेशन किया गया था। 16 मई 2025 को डॉक्टरों ने उसके सिर में सर्जिकल प्लेट लगाई थी। इसी मेडिकल रिकॉर्ड ने जले हुए शव की पहचान करने में अहम भूमिका निभाई।
हत्या के बाद पिता के साथ पहुंचा थाने
वारदात के बाद आरोपी ने खुद को अनजान दिखाने की कोशिश की। वह मृतक के पिता जगदीश के साथ बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराने थाने तक पहुंच गया। पिता के मुताबिक वे पहले एरोड्रम थाने गए थे जहां पुलिसकर्मियों ने विनय के दोस्तों अजय और सुजीत को साथ लाने के लिए कहा। इसके बाद परिवार दो दिन तक दोनों दोस्तों को तलाशता रहा। मंगलवार को अजय और सुजीत को लेकर थाने पहुंचने पर गुमशुदगी दर्ज की गई। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या की पूरी साजिश और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
