चंबल के बीहड़ों में शूट हुई नाना पाटेकर की आखिरी फिल्म शक्ति शालिनी, ग्वालियर-दतिया-मुरैना में फिल्माए गए सीन
नाना पाटेकर का मध्य प्रदेश से लंबे समय से जुड़ाव रहा है। अपने करीब पांच दशक के फिल्मी करियर के दौरान उन्होंने प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कई फिल्मों की शूटिंग की। इनमें ‘राजनीति’, ‘तरकीब’ और ‘थोड़ा सा रूमानी हो जाएं’ जैसी फिल्में शामिल हैं। अंतिम समय तक वह ‘शक्ति शालिनी’ पर काम कर रहे थे और फिल्म के लिए मध्य प्रदेश भी पहुंचे थे। मई 2026 में उन्होंने ग्वालियर और दतिया में फिल्म के कई दृश्यों की शूटिंग की थी।
‘शक्ति शालिनी’ मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स का हिस्सा है। फिल्म में नाना पाटेकर के अलावा अभिनेत्री अनीत पड्डा और अभिनेता विनीत कुमार सिंह भी नजर आएंगे। नाना ने इन कलाकारों के साथ फिल्म के कई सीन शूट किए थे। फिल्म की कहानी में चंबल के डाकुओं और बीहड़ों से जुड़ा एंगल भी बताया जा रहा है। इसी वजह से ग्वालियर और दतिया के इलाकों को शूटिंग के लिए चुना गया था।
फिल्म के कुछ हिस्सों की शूटिंग मुरैना में भी हुई। दतिया के करण सागर इलाके में शूटिंग के दौरान स्थानीय लोगों ने नाना पाटेकर को देखा था। फिल्म में उनके किरदार को लेकर अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन बताया गया है कि वह तांत्रिक की भूमिका निभाएंगे। फिल्म की रिलीज की बात करें तो ‘शक्ति शालिनी’ वर्ष 2027 में सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।
मध्य प्रदेश में नाना पाटेकर की फिल्मों का जुड़ाव इससे पहले भी रहा है। वर्ष 2010 में रिलीज हुई फिल्म ‘राजनीति’ की शूटिंग के लिए वह भोपाल आए थे और कुछ दिन राजधानी में बिताए थे। इस फिल्म में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके अलावा उनकी फिल्म ‘थोड़ा सा रूमानी हो जाएं’ की शूटिंग भी मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में हुई थी। यह फिल्म वर्ष 1990 में रिलीज हुई थी।
वर्ष 2000 में आई क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘तरकीब’ की शूटिंग भी पचमढ़ी में की गई थी। पचमढ़ी वर्तमान में नर्मदापुरम जिले में स्थित है, जबकि पहले इस जिले का नाम होशंगाबाद था। इस तरह नाना पाटेकर का मध्य प्रदेश से जुड़ाव भोपाल से लेकर पचमढ़ी और चंबल क्षेत्र तक रहा है। अब उनकी आखिरी बताई जा रही फिल्म ‘शक्ति शालिनी’ में ग्वालियर, दतिया और मुरैना के इलाके भी बड़े पर्दे पर दिखाई दे सकते हैं।
