November 22, 2026

MP में बदला मौसम का मिजाज, 12 जिलों में बारिश का अलर्ट, शाजापुर के गिरवर में पारा 8.7 डिग्री पर पहुंचा

0
photo-1-1-1795319805

भोपाल । चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ और पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी दिखाई दे रहा है। पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग में बारिश का दौर जारी है, जबकि भोपाल, इंदौर और उज्जैन समेत कई शहरों में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 12 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ आंधी और बारिश की स्थिति बन सकती है।

इससे पहले शनिवार को भी प्रदेश के कई जिलों में मौसम का असर देखने को मिला। मंडला, सिंगरौली, डिंडौरी, मैहर, रीवा और सीधी में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश दर्ज की गई। इससे पहले अनूपपुर जिले के अमरकंटक में करीब एक इंच बारिश रिकॉर्ड की गई थी।

गिरवर में सबसे कम तापमान, शाजापुर में 8.7 डिग्री
बारिश के बीच प्रदेश में ठंड का असर भी बढ़ रहा है। मौसम केंद्र (IMD) के मुताबिक, शाजापुर जिले के गिरवर में न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। यहां लगातार दूसरी रात सर्दी का असर अधिक बना हुआ है।

बैतूल में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री रहा, जबकि नीमच के मरुखेड़ा, छतरपुर के नौगांव और भोपाल में 9.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रायसेन में पारा 10.6 डिग्री, धार में 10.9 डिग्री और खजुराहो में 11.4 डिग्री रहा।

इसके अलावा रतलाम और नरसिंहपुर में 12.2 डिग्री, उज्जैन में 12.5 डिग्री और इंदौर में 12.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। श्योपुर में पारा 12.8 डिग्री, जबकि दतिया, ग्वालियर और खरगोन में 13 डिग्री रहा। खंडवा में न्यूनतम तापमान 13.4 और गुना में 14.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

उज्जैन में स्कूलों का समय बदला
बढ़ती ठंड को देखते हुए उज्जैन जिले में स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है। जारी आदेश के अनुसार, नर्सरी से आठवीं तक की कक्षाएं सुबह 9 बजे से पहले संचालित नहीं होंगी।

तूफान और निम्न दबाव क्षेत्र से बदला मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर बना हुआ है। इसके साथ ही पूर्वी मध्य प्रदेश में एक निम्न दबाव क्षेत्र भी सक्रिय है। इन मौसमी परिस्थितियों के कारण पूर्वी हिस्से में आंधी और बारिश का दौर चल रहा है।

दूसरी ओर, पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण ठंडी हवाएं प्रदेश की ओर आ रही हैं। इसके चलते भोपाल, इंदौर और उज्जैन सहित पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई इलाकों में तापमान गिरा है और सर्दी का असर तेज हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed