November 25, 2026

बारिश थमते ही MP में लौटी कड़ाके की ठंड, गिरवर में पारा 8.4 डिग्री, भोपाल में एक रात में 3.4 डिग्री गिरा तापमान

0
photo-1-1795578834

भोपाल। मध्य प्रदेश में बारिश और बादलों का दौर थमने के बाद ठंड ने फिर जोर पकड़ लिया है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और उत्तर दिशा से आ रही सर्द हवाओं के कारण प्रदेश के कई शहरों में रात का तापमान तेजी से नीचे आया है। शाजापुर जिले का गिरवर कस्बा सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल सहित इंदौर और ग्वालियर में भी सर्दी का असर बढ़ गया है।

मौसम केंद्र भोपाल (IMD) के अनुसार, प्रदेश में पिछले तीन दिनों तक चक्रवात ‘अकवान’ और ट्रफ का असर बना हुआ था। इसके चलते पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के जिलों में बारिश हुई। बारिश के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी, लेकिन मौसम प्रणालियों के आगे बढ़ने और वर्षा का दौर थमने के बाद हालात बदल गए हैं। अब दिन के साथ रात में भी ठंड महसूस होने लगी है।

भोपाल में एक रात में 3.4 डिग्री गिरा पारा

बीती रात गिरवर के बाद भोपाल प्रदेश के सबसे ठंडे शहरों में रहा। यहां न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री से गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। यानी एक ही रात में पारे में 3.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

अन्य शहरों की बात करें तो ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री, उज्जैन में 11.5 डिग्री, जबलपुर में 12.6 डिग्री और इंदौर में 13.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दमोह में पारा 9.2 डिग्री दर्ज किया गया। कटनी के करौंदी में 10.2 डिग्री, नीमच के मरुखेड़ा में 10.6 डिग्री और रायसेन व रीवा में 11 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

इसके अलावा गुना में 11.8 डिग्री, दतिया, छिंदवाड़ा और श्योपुर में 12 डिग्री तथा बैतूल में 12.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। नौगांव में पारा 12.8 डिग्री रहा। रतलाम, खजुराहो, सतना, उमरिया, धार, नरसिंहपुर, शिवपुरी, खंडवा, टीकमगढ़, सीधी और नर्मदापुरम सहित कई शहरों में भी न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।

अगले तीन दिन में 2 से 3 डिग्री और गिर सकता है तापमान

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट हो सकती है। ऐसा होने पर प्रदेश के अधिकांश शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच सकता है। सुबह के समय धुंध का असर बना रहेगा, जबकि दिन में भी ठंडी हवाएं चलने से लोगों को सर्दी महसूस होगी।

पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ों में बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में मौसम बदलेगा। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने के बाद उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों की ओर आएंगी, जिससे मध्य प्रदेश में सर्दी और बढ़ सकती है।

फिलहाल प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में एक चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। मौसम प्रणालियों के प्रभाव और उत्तर से आने वाली हवाओं के कारण आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

राजस्थान में भी कड़ाके की सर्दी, यूपी में घना कोहरा

मध्य प्रदेश से सटे राजस्थान में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहां फतेहपुर सबसे ठंडे इलाकों में शामिल है। उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में घने कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद ठंड इतनी बढ़ गई है कि कुछ झीलों का पानी जमने लगा है। पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं का असर अब मध्य प्रदेश में भी महसूस किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed