October 12, 2026

एमपी में शराब तस्करी के आरोपियों का वाहन चोरी से कनेक्शन, पूछताछ में 16 बाइक और एक छोटा हाथी चुराने की बात आई सामने

0
untitled-1791790222

रतलाम । मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में अवैध कच्ची शराब की तस्करी के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों से वाहन चोरी की 17 वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये कीमत की छह चोरी की बाइक बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान 16 बाइक और एक महिंद्रा लोडिंग वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की है। मामले में आलोट और जावरा ग्रामीण अनुभाग की संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई की। रविवार रात ताल थाने में पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक 11 अक्टूबर को अवैध कच्ची शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान हरपाल कंजर और अर्जुन कंजर को गिरफ्तार किया गया था। दोनों के पास से 10 लीटर अवैध कच्ची शराब और एक हीरो एचएफ डीलक्स बाइक जब्त की गई। इस मामले में ताल थाने में प्रकरण दर्ज किया गया। कार्रवाई के दौरान बरामद बाइक के बारे में पूछताछ की गई तो आरोपियों ने उसे ग्राम भाटखेड़ा से चोरी करना स्वीकार किया। इस चोरी के संबंध में कालूखेड़ा थाने में पहले से मामला दर्ज था।
इसके बाद पुलिस ने आरोपियों से विस्तार से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार हरपाल और अर्जुन ने अपने साथी लखन कंजर के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों से बाइक और एक महिंद्रा लोडिंग वाहन चोरी करने की बात बताई। इसके आधार पर पुलिस ने तीसरे आरोपी लखन कंजर को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने वाहन चोरी से जुड़े मामलों की जानकारी जुटाई और छह बाइक बरामद कीं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरपाल कंजर उम्र 20 वर्ष पिता धारिया कंजर अर्जुन कंजर उम्र 19 वर्ष पिता लखन कंजर और लखन कंजर उम्र 22 वर्ष पिता हरीलाल कंजर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों राजस्थान के झालावाड़ जिले में उन्हेल नागेश्वर थाना क्षेत्र के टोकड़ा गांव के निवासी हैं। फिलहाल वाहन चोरी की वारदातों में उनकी कथित भूमिका और बरामद वाहनों से जुड़े मामलों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने जिन छह बाइक को जब्त किया है उनमें दो हीरो एचएफ डीलक्स बाइक एक हीरो स्प्लेंडर एक होंडा शाइन और दो स्प्लेंडर प्लस शामिल हैं। इनमें से एक एचएफ डीलक्स बाइक का संबंध कालूखेड़ा थाने में दर्ज चोरी के मामले से बताया गया है। कुछ बाइक बिना नंबर प्लेट के मिलीं जबकि दो स्प्लेंडर प्लस के इंजन और चेसिस नंबर घिसे हुए पाए गए। पुलिस इन वाहनों की पहचान और उनके वास्तविक मालिकों से संबंधित जानकारी की जांच कर रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने ताल थाना क्षेत्र से होंडा शाइन और आलोट क्षेत्र से एचएफ डीलक्स बाइक चोरी करने की बात कही है। इसके अलावा नामली थाना क्षेत्र से होंडा शाइन महिंद्रा लोडिंग वाहन और बजाज प्लेटिना चोरी करने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार जावरा औद्योगिक क्षेत्र से सुपर स्प्लेंडर स्प्लेंडर प्लस और दो होंडा शाइन चोरी करने की बात भी आरोपियों ने स्वीकार की है। सैलाना थाना क्षेत्र से दो सुपर स्प्लेंडर चोरी करने का मामला भी पूछताछ में सामने आया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से जिले और आसपास के क्षेत्रों में हुई वाहन चोरी की कई घटनाओं की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। बरामद वाहनों और आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस अन्य मामलों के संबंध में भी पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed