November 26, 2026

1. चाय बनाने के लिए खोली गैस और कुछ देर बाद धधक उठा सिलेंडर: मकान मालिक बोला- डिब्बे में रखे एक लाख रुपए जले

0
untitled-1795678263

शिवपुरी । शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे में गुरुवार सुबह एक मकान की किचन में रखे गैस सिलेंडर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के समय मकान में करीब 40 छात्र मौजूद थे जो ग्रामीण क्षेत्रों से आकर कोलारस में किराए से रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। मकान में खाना बनाने के लिए एक नहीं बल्कि करीब 10 अन्य गैस सिलेंडर भी रखे हुए थे। ऐसे में आग की घटना ने बड़े हादसे की आशंका पैदा कर दी। गनीमत रही कि आग की चपेट में आया सिलेंडर फटा नहीं। अगर सिलेंडर में विस्फोट हो जाता तो मकान में मौजूद छात्रों और आसपास के लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी। सूचना मिलने पर कोलारस थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।

घटना कोलारस कस्बे में संत फार्म के पास स्थित एक दो मंजिला मकान की है। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे मकान की किचन में रखे एलपीजी सिलेंडर में अचानक आग भड़क उठी। इस मकान में ग्रामीण अंचल से आए लगभग 40 छात्र किराए पर रहते हैं। सभी छात्र पढ़ाई के साथ अपना खाना खुद बनाते हैं। इसी वजह से मकान में अलग-अलग खाना बनाने के लिए कई गैस सिलेंडर रखे गए थे। सुबह अचानक एक सिलेंडर में आग लगने से किचन में रखा सामान भी इसकी चपेट में आ गया और देखते ही देखते आग फैलने लगी।

मकान में रहने वाले सुमित धाकड़ ने घटना के बारे में बताया कि वह सुबह करीब 6 बजे उठा था। उसे चाय बनानी थी इसलिए उसने गैस चालू की और इसके बाद दांत साफ करने के लिए बाहर चला गया। कुछ देर बाद जब वह वापस किचन में पहुंचा तो वहां का नजारा देखकर घबरा गया। गैस सिलेंडर में आग लगी हुई थी और आसपास रखा सामान भी जलने लगा था। इसके बाद तत्काल घटना की जानकारी दी गई। आग लगने की खबर से मकान में रहने वाले छात्रों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने के बाद कोलारस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया। दमकल कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया और कुछ देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि आग सिलेंडर में विस्फोट होने तक नहीं पहुंची। मकान में कई अन्य गैस सिलेंडर मौजूद होने के कारण स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। आग बुझने के बाद किचन का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।

मकान मालिक सुखदेव धाकड़ ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वह अपने गांव से तत्काल मौके पर पहुंचे थे। जब तक वह वहां पहुंचे तब तक फायर ब्रिगेड की टीम आग पर काबू पा चुकी थी। उन्होंने बताया कि हाल ही में उन्होंने अपनी फसल बेची थी। फसल की बिक्री से मिले एक लाख रुपए से अधिक की रकम उनके बेटे ने किचन में रखे एक डिब्बे में सुरक्षित रखी थी। आग बुझने के बाद जब सामान की जांच की गई तो डिब्बे में रखी नकदी भी नहीं मिली। मकान मालिक का कहना है कि आग की वजह से यह रकम भी जल गई।

इस घटना ने किराए के मकानों में एक साथ बड़ी संख्या में छात्रों के रहने और वहां कई गैस सिलेंडर रखने की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है। सबसे बड़ी राहत यही रही कि आग के बावजूद सिलेंडर में विस्फोट नहीं हुआ और मकान में रह रहे करीब 40 छात्र किसी बड़े हादसे का शिकार होने से बच गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed