November 19, 2026

शिवपुरी के मंगलम लॉज में कमरे के 600 रुपये को लेकर बवाल, संचालक और युवक के बीच जमकर मारपीट; दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग

0
untitled-1794293506

शिवपुरी । शिवपुरी के कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुद्वारा चौराहे के पास स्थित मंगलम लॉज में कमरा लेने को लेकर ऐसा विवाद हुआ कि मामला मारपीट और पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया। लॉज संचालक और एक युवक के बीच हुई इस घटना के वीडियो भी सामने आए हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। फिलहाल लॉज संचालक अगम जैन की शिकायत पर पुलिस ने युवक राजेश वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वहीं राजेश जिला अस्पताल में भर्ती है। पुलिस का कहना है कि उसकी शिकायत मिलने के बाद उसके पक्ष को भी दर्ज किया जाएगा और मामले में नियमानुसार कार्रवाई होगी।

जानकारी के अनुसार रातोर निवासी राजेश वर्मा सोमवार शाम करीब 6 बजे मंगलम लॉज पहुंचा था। लॉज संचालक अगम जैन के मुताबिक राजेश ने अपनी बीमार मां के साथ ठहरने के लिए कमरा मांगा था। इसके बाद वह अपनी मां को लेने अस्पताल चला गया। अगम जैन का आरोप है कि कुछ देर बाद राजेश अकेला ही लॉज वापस लौटा। उस समय वह शराब के नशे में था और उसके साथ उसकी मां भी नहीं थी। इस स्थिति को देखते हुए संचालक ने उसे कमरा देने से इनकार कर दिया। संचालक के अनुसार उन्होंने राजेश को दिए गए 600 रुपये भी वापस कर दिए थे। इसी बात को लेकर राजेश नाराज हो गया और उनके साथ थप्पड़ों से मारपीट करने लगा।

हालांकि इस पूरे मामले में राजेश वर्मा की कहानी अलग है। उसका कहना है कि उसकी मां का इंतकाल पहले ही हो चुका है। उसने लॉज में 600 रुपये देकर ऐसा कमरा लेने की बात कही थी जिसमें अटैच लेट-बाथ की सुविधा उपलब्ध हो। राजेश का आरोप है कि लॉज संचालक ने उसकी मांग के मुताबिक कमरा नहीं दिया। जब उसने इस बात का विरोध किया तो उसे कमरे में बंद करके पीटा गया। इसके बाद पार्किंग एरिया में भी उसके साथ मारपीट की गई। घटना में घायल राजेश फिलहाल जिला अस्पताल में भर्ती है। दोनों पक्षों के आरोपों के बीच पुलिस जांच के बाद ही विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इस घटना के बाद मंगलम लॉज को लेकर आसपास के रहवासियों की शिकायत भी सामने आई है। क्षेत्र में रहने वाले परिवारों ने कोतवाली थाने में शिकायत देकर लॉज में कथित गलत गतिविधियों और आए दिन होने वाले विवादों पर रोक लगाने की मांग की है। रहवासियों का कहना है कि लॉज जैन मंदिर से सटी हुई है। यहां का रास्ता और पार्किंग क्षेत्र आम लोगों के उपयोग में आते हैं। ऐसे में लॉज में होने वाली गतिविधियों और विवादों का असर आसपास रहने वाले परिवारों पर भी पड़ता है। लोगों ने पुलिस से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

कोतवाली थाना प्रभारी पुनीत बाजपेई के अनुसार मंगलम लॉज में कमरा लेने को लेकर विवाद हुआ था। संचालक अगम जैन की शिकायत पर राजेश वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। राजेश अस्पताल में भर्ती है और उसकी शिकायत मिलने पर उसके पक्ष में भी एफआईआर दर्ज की जाएगी। इसके अलावा आसपास के परिवारों की ओर से लॉज में कथित गलत गतिविधियों को लेकर की गई शिकायत की भी जांच होगी। फिलहाल मामला दोनों पक्षों के आरोपों और पुलिस जांच के बीच है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed