November 19, 2026

मध्‍य प्रदेश में सीजन में पहली बार 11 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा, करौंदी सबसे ठंडा, तापमान में गिरावट के आसार

0
photo-1-1794283203

भोपाल । दिवाली के बाद मध्य प्रदेश में ठंड का असर तेज होने लगा है। सीजन में पहली बार प्रदेश के किसी इलाके का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। कटनी जिले के करौंदी में पारा 10.4 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट आने का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 10 नवंबर की रात से उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसका असर मध्य प्रदेश में दो दिन बाद देखने को मिल सकता है। फिलहाल प्रदेश के पूर्वी हिस्से से एक ट्रफ गुजर रही है, जिसके कारण कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए हैं। हालांकि, कहीं भी बारिश होने की संभावना नहीं है।

पचमढ़ी से भी ठंडे करौंदी और अमरकंटक

प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में आमतौर पर सबसे ज्यादा ठंड पड़ती है, लेकिन पिछले एक सप्ताह से कटनी का करौंदी और अमरकंटक इससे भी ठंडे बने हुए हैं। बीती रात करौंदी में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री, अमरकंटक में 11.4 डिग्री और कल्याणपुर में 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके अलावा दमोह में 12.5 डिग्री, रायसेन में 12.6 डिग्री, उमरिया में 13 डिग्री, जबलपुर और पचमढ़ी में 13.4 डिग्री तापमान रहा। छिंदवाड़ा में पारा 13.5 डिग्री, जबकि मलाजखंड और रीवा में 13.6 डिग्री दर्ज किया गया। मंडला में न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री रहा। भोपाल और इंदौर में 14 डिग्री तथा नौगांव में 14.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पहाड़ियों से उतरती ठंडी हवाएं बना रहीं करौंदी को सबसे ठंडा

मौसम विभाग के आंकड़ों में कटनी जिले का करौंदी लगातार प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है। इसकी भौगोलिक स्थिति को भी कम तापमान की वजह माना जा रहा है। करौंदी विंध्याचल पर्वत श्रृंखला की पहाड़ियों के ढलान पर बसा है। रात में पहाड़ियों की ऊंची चोटियों पर हवा तेजी से ठंडी होकर भारी हो जाती है और ढलान की ओर नीचे उतरती है।

इस प्रक्रिया को ‘कैटाबैटिक विंड्स’ कहा जाता है। वहीं, तापमान की परतों में होने वाले बदलाव को ‘थर्मल इन्वर्जन’ कहते हैं। इन मौसमी परिस्थितियों के कारण घाटियों और ढलान वाले क्षेत्रों में रात के समय तापमान तेजी से गिर सकता है। करौंदी में भी इसी तरह की परिस्थितियां ठंड बढ़ाने में भूमिका निभा रही हैं।

नवंबर के दूसरे सप्ताह से बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के दूसरे सप्ताह से प्रदेश में सर्दी का असर और बढ़ने की संभावना है। अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री तक गिर सकता है। इसका ज्यादा असर ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में देखने को मिल सकता है, जहां उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण रात के तापमान में गिरावट होने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed