बिहार को 34,470 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, पीएम मोदी ने किया नीतीश सेतु का उद्घाटन
उद्घाटन के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गले लगाया। इसके बाद वे पुल पर टहले और गमछा लहराकर वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया। पुल का नाम नीतीश कुमार के सम्मान में रखा गया है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई नेता मौजूद रहे।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि गंगा मैया पर बने इस पुल का नाम नीतीश कुमार के सम्मान में रखा गया है। यह उनके सेवा और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पुल बनने से पटना और वैशाली के बीच दूरी कम होगी। किसानों को फल, सब्जियां और दूध जैसे उत्पाद बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों को पढ़ाई और बुजुर्गों को इलाज के लिए आने-जाने में भी आसानी होगी। इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क बेहतर होने के साथ व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
करीब 19.7 किलोमीटर लंबे इस पुल में 9.7 किलोमीटर का मुख्य पुल और लगभग 10 किलोमीटर की संपर्क सड़कें शामिल हैं। यह छह लेन का एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टे ब्रिज है। परियोजना पूरी होने से पटना और वैशाली के साथ आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। स्थानीय किसानों और कारोबारियों के लिए परिवहन सुगम होने से बाजारों तक पहुंच बढ़ाने का रास्ता खुलेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि करीब तीन दशक पहले बिहार ने उम्मीद और विश्वास की नई राह चुनी थी। उनके मुताबिक, जिस राज्य को लंबे समय तक बदहाली का सामना करना पड़ा, उसे नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन का भरोसा मिला। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री के रूप में कई वर्षों तक बिहार की सेवा की और अब उनके आशीर्वाद से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की टीम विकास को आगे बढ़ा रही है। प्रधानमंत्री ने एनडीए सरकार के कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने का भी उल्लेख किया।
सभा में उमड़ी भीड़ का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि जनसमूह इतना बड़ा है कि उसे कैमरे में पूरी तरह समेटना भी मुश्किल हो सकता है। उन्होंने इसे विकास के प्रति लोगों की जागरूकता का संकेत बताया। छठ महापर्व का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि छठी मैया के आशीर्वाद से बिहार में विकास का उत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने दिवंगत नेता रामविलास पासवान को भी याद किया। मोदी ने कहा कि उनके मित्र रामविलास पासवान की आत्मा जहां भी होगी, आज उनके सपनों को पूरा होते देखकर प्रसन्न होगी।
प्रधानमंत्री ने शहरी परिवहन और गरीबों के आवास से जुड़ी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि बिहार में 100 आधुनिक पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाई गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों गरीब परिवारों को पक्के मकानों की चाबियां भी सौंपी गई हैं। उन्होंने कहा कि पहले बिहार में बस घोटालों की चर्चा होती थी, जबकि अब निवेश और विकास कार्यों पर ध्यान दिया जा रहा है। कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले अपराध की घटनाएं सुर्खियों में रहती थीं, लेकिन अब अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई चर्चा का विषय है।
बिहार दौरे के दौरान घोषित और शुरू की गई 227 परियोजनाओं में सड़क, ऊर्जा, शहरी विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन से जुड़े कार्य शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने इन योजनाओं को राज्य के विकास और आम लोगों की सुविधाओं से जोड़ते हुए बिहारवासियों को बधाई दी।
