November 26, 2026

संविधान गौरव दिवस पर देशभर में भाजपा के बड़े आयोजन, अमित शाह दिल्ली तो नड्डा अहमदाबाद और नितिन नवीन पटना में होंगे शामिल

0
5-1795672555
नई दिल्ली ।राष्ट्रीय संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी गुरुवार को देशभर में ‘संविधान गौरव दिवस’ के रूप में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इन आयोजनों में पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री अलग-अलग शहरों में शामिल होकर संविधान के महत्व, उसके मूल्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर अपने विचार रखेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली में, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा अहमदाबाद में और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पटना में आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह नई दिल्ली स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में दोपहर 3:30 बजे आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे संविधान गौरव दिवस के अवसर पर सभा को संबोधित करेंगे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी इस आयोजन में शामिल होंगी। कार्यक्रम में राजधानी के सांसदों और आमंत्रित बुद्धिजीवियों की मौजूदगी रहेगी। आयोजन के माध्यम से संविधान की भूमिका और उसके लोकतांत्रिक महत्व पर चर्चा की जाएगी।

वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा अहमदाबाद में आयोजित दो कार्यक्रमों में भाग लेंगे। उनका पहला कार्यक्रम दोपहर 3:55 बजे सारंगपुर में होगा, जहां वे संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद शाम 4:30 बजे पालड़ी स्थित टैगोर हॉल में संविधान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में संविधान के आदर्शों और सामाजिक समानता के महत्व पर विचार रखे जाने की योजना है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी गुरुवार को पटना में संविधान गौरव दिवस समारोह में शामिल होंगे। उनका कार्यक्रम ज्ञान भवन ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। यहां वे सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे और भारतीय संविधान के महत्व पर अपनी बात रखेंगे। इस दौरान संविधान निर्माण में डॉ. बी.आर. अंबेडकर की भूमिका और उनके योगदान को भी याद किया जाएगा। आयोजन में संविधान के मूल सिद्धांतों और लोकतांत्रिक मूल्यों को प्रमुखता दिए जाने की संभावना है।

देशभर में आयोजित ये कार्यक्रम 26 नवंबर को मनाए जाने वाले संविधान दिवस के अवसर पर हो रहे हैं। यह तारीख भारतीय इतिहास में विशेष महत्व रखती है, क्योंकि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने स्वतंत्र भारत के संविधान को औपचारिक रूप से स्वीकार किया था। इसके बाद संविधान को लागू करने के लिए 26 जनवरी 1950 की तारीख निर्धारित की गई। इसी दिन भारत गणराज्य बना और देश में संवैधानिक शासन व्यवस्था प्रभावी हुई।

संविधान दिवस मनाने की आधिकारिक शुरुआत वर्ष 2015 में हुई थी। केंद्र सरकार ने 19 नवंबर 2015 को अधिसूचना जारी कर प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। इसका उद्देश्य नागरिकों को संविधान के निर्माण, उसके मूल सिद्धांतों और अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है।

इस बीच बिहार में भी संविधान दिवस के अवसर पर राजनीतिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार को पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया पहुंचेंगे। यहां वे ‘संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ, अराजकता भगाओ’ मार्च में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के जरिए संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उठाया जाएगा।

संविधान दिवस के अवसर पर दिल्ली, अहमदाबाद और पटना में होने वाले आयोजनों के साथ विभिन्न राज्यों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों के जरिए संविधान सभा के ऐतिहासिक निर्णय, डॉ. अंबेडकर के योगदान और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था के महत्व को रेखांकित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed