सोनीपत में ब्रेजा कार की मांग पर दूल्हे ने तोड़ी शादी, लाल जोड़े में इंतजार करती रह गई MA पास दुल्हन
मामला सोनीपत के रामनगर इलाके का है। यहां रहने वाले सुभाष कुमार ने अपनी बेटी हिना का रिश्ता करीब छह महीने पहले गोहाना के गांधीनगर निवासी कुलदीप के साथ तय किया था। कुलदीप दिल्ली पुलिस में तैनात है। दोनों परिवारों के बीच 20 नवंबर 2026 को शादी की तारीख निर्धारित हुई थी। लड़की के पिता का आरोप है कि रिश्ता तय होने के बाद से ही लड़के पक्ष की ओर से गाड़ी और गहनों को लेकर अलग-अलग मांगें की जाने लगी थीं।
सुभाष कुमार के मुताबिक, उन्होंने दूल्हे के लिए लगभग साढ़े नौ लाख रुपये की एक गाड़ी बुक कराई थी। हालांकि, शादी से एक दिन पहले मध्यस्थों के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली कि कुलदीप को यह गाड़ी पसंद नहीं है और वह ब्रेजा लेना चाहता है। इसके बाद उन्होंने पहले बुक कराई गई गाड़ी की बुकिंग रद्द कराकर ब्रेजा खरीदने की कोशिश की। लेकिन शादी में केवल एक दिन शेष होने के कारण गाड़ी की बुकिंग नहीं हो सकी। पिता के अनुसार, ब्रेजा की कीमत करीब 13 लाख रुपये थी।
गाड़ी के अलावा दुल्हन पक्ष का आरोप है कि दूल्हे और उसके परिवार के सदस्यों के लिए सोने-चांदी के गहनों की भी मांग की गई थी। पिता ने दूल्हे के लिए दो तोले की सोने की चेन, उसकी मां के लिए चार तोले के सोने के टॉप्स और चांदी की पाजेब देने की तैयारी की थी। आरोप है कि दूल्हे के जेठ और जेठानी के लिए भी गहने मांगे गए थे। लड़की पक्ष ने इन मांगों को पूरा करने के लिए गहने बनवाने का ऑर्डर तक दे दिया था। इसके अलावा शादी के लिए फर्नीचर और दूसरे जरूरी सामान की व्यवस्था भी की गई थी।
20 नवंबर को सोनीपत की मामचंद वाटिका में विवाह समारोह आयोजित किया गया था। लड़की पक्ष ने करीब 1200 मेहमानों के भोजन का इंतजाम किया था। शादी के लिए डीजे, घोड़ी और अन्य व्यवस्थाएं भी पूरी कर ली गई थीं। लेकिन आरोप है कि दूल्हा कुलदीप अपनी मां के साथ बारात लेकर आने के बजाय साधारण कपड़ों में वाटिका पहुंचा। वहां उसने सबसे पहले ब्रेजा गाड़ी के बारे में पूछा। जब उसे मनपसंद गाड़ी नहीं मिली तो दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
दुल्हन के पिता का आरोप है कि इस दौरान दूल्हे ने उनके परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज की। दुल्हन के भाई साहिल के साथ भी कहासुनी हुई। लड़की पक्ष के लोग और रिश्तेदार हाथ जोड़कर दूल्हे तथा उसकी मां से शादी की रस्में पूरी करने की अपील करते रहे, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई। आखिरकार दूल्हा पक्ष विवाह किए बिना ही वापस लौट गया। इस दौरान दुल्हन शादी के कपड़ों में मंडप में बैठी इंतजार करती रह गई।
सुभाष कुमार के अनुसार, उन्होंने बेटी की शादी की तैयारियों पर करीब 25 से 30 लाख रुपये खर्च किए थे। लगभग एक लाख 32 हजार रुपये का फर्नीचर भी बनवाया गया था। बारात में करीब 20 से 30 लोग पहुंचे थे, लेकिन विवाद के बाद दूल्हे के लौटने से समारोह में आए मेहमानों ने भी भोजन नहीं किया। इससे परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक और सामाजिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। पीड़ित पिता ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर कुलदीप और उसके परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि उनकी बेटी हिना एमए और जेबीटी शिक्षित है। उन्होंने अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार शादी की सभी तैयारियां की थीं। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
