November 28, 2026

चीन-तुर्की की मदद से मजबूत हो रही PAK की स्पेस ताकत, भारत ने तैयार किया जवाबी प्लान, CDS ने बताई रणनीति

0
photo-5-1-1795840915

नई दिल्ली। पाकिस्तान की अंतरिक्ष क्षमताओं में चीन के सहयोग से हो रहे विस्तार को भारत ने गंभीरता से लिया है। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने कहा है कि भारत को अब यह मानकर अपनी रणनीति बनानी होगी कि पाकिस्तान को चीन के साथ तुर्की से भी तकनीकी मदद मिल सकती है। इसके जवाब में भारत अपनी सैटेलाइट निगरानी, अंतरिक्ष आधारित खुफिया क्षमता और लॉन्चिंग व्यवस्था को मजबूत करने पर काम कर रहा है।

जनरल सुब्रमणि के मुताबिक, चीन के पास मौजूद इंटेलिजेंस, सर्विलांस एंड रिकॉनिसेंस (ISR) और पोजिशनिंग, नेविगेशन एवं टाइमिंग (PNT) से जुड़ी क्षमताओं का लाभ पाकिस्तान को भी मिल सकता है। पाकिस्तान की अंतरिक्ष एजेंसी SUPARCO भी अपनी तकनीकी और संचालन क्षमता बढ़ाने में जुटी है। ऐसे में भारत को संभावित क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों को ध्यान में रखकर अपनी तैयारियां तेज करनी होंगी।

चीन की तकनीक से पाकिस्तान की निगरानी क्षमता बढ़ने की आशंका

सीडीएस ने कहा कि भारत को यह मानकर चलना चाहिए कि पाकिस्तान को तुर्की से भी सहयोग मिल सकता है। उन्होंने कहा, “अब हमें यह मानकर चलना होगा कि पाकिस्तान को तुर्की से भी मदद मिलेगी। आईएसआर, पोजिशन, नेविगेशन और टाइमिंग के मामले में जो भी क्षमताएं चीन के पास हैं, वे पाकिस्तान को भी मिलेंगी। इसलिए हमें अपनी रणनीति में इस बात को शामिल करना होगा।”

उनके अनुसार, चीन और तुर्की से मिलने वाली संभावित मदद पाकिस्तान की निगरानी और खुफिया क्षमताओं को पहले से बेहतर बना सकती है। इससे भारत के लिए अंतरिक्ष आधारित निगरानी और रक्षा तकनीक में अपनी क्षमता बढ़ाना जरूरी हो गया है।

SBS-3 से बढ़ेगी भारत की अंतरिक्ष आधारित निगरानी क्षमता

जनरल सुब्रमणि ने भारत की तैयारियों का जिक्र करते हुए कहा कि स्पेस-बेस्ड सर्विलांस फेज-3 (SBS-3) के लागू होने से देश की अंतरिक्ष आधारित निगरानी क्षमता में बड़ा इजाफा होगा। इसके साथ ही भारत अधिक संख्या में सैटेलाइट बनाने और उन्हें अंतरिक्ष में स्थापित करने के विकल्पों पर भी काम कर रहा है।

इस दिशा में निजी क्षेत्र की कंपनियों और उद्यमियों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है, ताकि सैटेलाइट निर्माण और लॉन्चिंग की प्रक्रिया को अधिक सक्षम बनाया जा सके। भारत का जोर अपनी तकनीकी क्षमता और अंतरिक्ष संसाधनों को मजबूत करने पर है, जिससे बदलते सुरक्षा माहौल में बेहतर निगरानी और समय पर सूचनाएं हासिल की जा सकें।

राष्ट्रीय सुरक्षा में अब पूरे समाज की भूमिका

इससे पहले आजतक के एक कार्यक्रम में सीडीएस जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण बात कही थी। उन्होंने कहा था कि अब देश की सुरक्षा केवल सशस्त्र बलों की जिम्मेदारी नहीं रह गई है। इसमें सरकार, उद्योग जगत, तकनीकी समुदाय, शिक्षण संस्थानों और पूरे समाज की बराबर भूमिका है।

उन्होंने कहा कि भारत के आसपास का सुरक्षा वातावरण तेजी से बदल रहा है। खतरों का स्वरूप लगातार बदल रहा है, तकनीक तेजी से विकसित हो रही है और युद्धक्षेत्र की सीमाएं भी पहले से व्यापक हो गई हैं। ऐसे में राष्ट्रीय सुरक्षा की तैयारी का तरीका भी बदलना होगा और देश को सैन्य ताकत के साथ तकनीकी एवं औद्योगिक क्षमताओं में भी आत्मनिर्भर बनना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed