September 13, 2026

Jhansi: भुवनेश्वर से ग्वालियर जा रहे ट्रक में 214 किलो गांजा, दो गिरफ्तार, कीमत 1.07 करोड़

0
images-1789212016
झांसी। बबीना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने सुकुवां-ढुकुवां रोड पर नयाखेड़ा के पास कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 214 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 7 लाख रुपए है। टीम ने ट्रक चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ बबीना थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ट्रक को सीज कर दिया गया है।

एसएसपी विकास कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतपाल उर्फ सत्यपाल (46), निवासी सौदापुर, थाना बार्डर टाउन, जिला पानीपत, हरियाणा और मोहन कुशवाहा (27), निवासी सिंधिया नगर, थाना बहोड़ापुर, ग्वालियर के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से ट्रक में छिपाकर रखा गया 214 किलो गांजा बरामद किया गया।

ओडिशा से ग्वालियर पहुंचाना था गांजा
पुलिस पूछताछ में मोहन कुशवाहा ने बताया कि उसका पड़ोसी आकाश कुशवाहा गांजे का काम करता है। वह आकाश के साथ किराये की गाड़ी से भुवनेश्वर, ओडिशा गया था। वहां आकाश के साथियों ने ट्रक में गांजा लोड कराया। उसे यह माल ग्वालियर पहुंचने के बाद उतारने के लिए कहा गया था।

वहीं ट्रक चालक सतपाल ने पुलिस को बताया कि वह ट्रक किराये पर लेकर चलाता है। उसकी 7 सितंबर को आकाश से मुलाकात हुई थी। आरोप है कि आकाश ने ही ट्रक में गांजा रखवाया और इसके बाद अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। रास्ते में संपर्क बनाए रखने के लिए ढाबों के फोन से बात करने के लिए कहा गया था।

न्यायालय में पेश किए जा रहे दोनों आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बबीना थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। गांजा बरामद होने के बाद ट्रक को भी सीज कर दिया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी, इसे ग्वालियर में किसे सौंपा जाना था और इस नेटवर्क में आकाश कुशवाहा समेत अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed