November 19, 2026

असम में कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त, इंजन समेत 5 डिब्बे पटरी से उतरे, 50 यात्री घायल

0
photo-5-1794373250

गुवाहाटी । असम के कामरूप जिले में बुधवार सुबह कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस (13125) हादसे का शिकार हो गई। डिगारू रेलवे स्टेशन के पास सुबह करीब 6:54 बजे ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे में करीब 50 यात्री घायल हुए हैं, जबकि रेलवे ने सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की बात कही है। घटना से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोको पायलट को यह कहते सुना जा सकता है कि ट्रेन के उपकरण और ब्रेक काम नहीं कर रहे हैं।

रेलवे के मुताबिक, दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के दौरान कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस की गति नियंत्रित नहीं हो पाई। इसके चलते ट्रेन दूसरी लाइन पर लगे बैरिकेड्स से टकरा गई और इंजन सहित पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

वीडियो में लोको पायलट बोले- कुछ भी काम नहीं कर रहा
हादसे से पहले का करीब 45 सेकेंड का एक वीडियो सामने आया है। इसमें ट्रेन के लोको पायलट केबिन का अंदरूनी हिस्सा दिखाई दे रहा है। कंट्रोल पैनल, डिजिटल डिस्प्ले, स्विच और इंजन के उपकरणों के बीच लोको पायलट की आवाज सुनाई देती है।

वीडियो में लोको पायलट कहते सुनाई दे रहे हैं कि कुछ भी काम नहीं कर रहा है। सिग्नल फेल है और इमरजेंसी लगाने के बावजूद सिस्टम काम नहीं कर रहा। वह एस9 और ए9 के भी काम नहीं करने की बात कहते हैं। वीडियो में ब्रेक और अन्य उपकरणों में खराबी का संकेत मिलता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे, यात्रियों को निकाला
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, कर्मचारी और राहत-बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे। ट्रेन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था भी की गई है। हादसे में घायल यात्रियों की वास्तविक संख्या और दुर्घटना के कारणों को लेकर रेलवे की विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed