November 25, 2026

मुंबई कपल मारपीट मामले में मदरसा प्रबंधन ने तोड़ी चुप्पी, किरीट सोमैया के आरोपों पर उठाए सवाल

0
18-1795595268
नई दिल्ली ।मुंबई में फीनिक्स मॉल के पास एक कपल के साथ मारपीट और बदसलूकी की घटना को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। इस मामले में घाटकोपर स्थित एक मदरसे का नाम सामने आने के बाद अब उसके प्रबंधन ने आरोपों पर अपनी सफाई दी है। मदरसा प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि घटना में शामिल बताए जा रहे लड़कों का संस्थान से कोई संबंध नहीं है। प्रबंधन ने इसे धार्मिक रंग देने और मदरसे को बदनाम करने की कोशिश बताया है।

भाजपा नेता किरीट सोमैया ने इस मदरसे पर कथित तौर पर जिहादी ट्रेनिंग देने के आरोप लगाए थे। इसके बाद मदरसा प्रबंधन के दो ट्रस्टियों और एक वकील ने सामने आकर इन दावों को खारिज किया। उनका कहना है कि संबंधित संस्थान केवल लड़कियों के लिए संचालित होता है। यहां पढ़ने वाली छात्राओं की संख्या लगभग 100 से 125 के बीच है और शिक्षण कार्य महिला शिक्षिकाएं करती हैं।

मदरसे की देखभाल करने वाले आबिद खान ने बताया कि वह आधिकारिक ट्रस्टी नहीं हैं, लेकिन संस्थान की जिम्मेदारी संभालते हैं। उनके मुताबिक, पिछले शुक्रवार को फीनिक्स मॉल के पास स्थित गार्डन में कुछ लड़कों ने एक कपल को परेशान किया था। इसके बाद घटना को मदरसे से जोड़कर देखा जाने लगा। उन्होंने इस संबंध को पूरी तरह गलत बताया और कहा कि संस्थान में शुक्रवार को छुट्टी रहती है। ऐसे में घटना के दिन मदरसा बंद था।

आबिद खान ने बताया कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की ओर से मदरसे को नोटिस मिला है। उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकारी जांच के लिए पहुंचेंगे तो प्रबंधन पूरा सहयोग करेगा। संस्थान से संबंधित सभी जरूरी दस्तावेज भी अधिकारियों को उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रबंधन का कहना है कि उसे कानूनी प्रक्रिया पर कोई आपत्ति नहीं है और वह जांच में सहयोग करने के लिए तैयार है।

एक अन्य ट्रस्टी ने भी शुक्रवार को मदरसा बंद रहने की बात दोहराई। उन्होंने बताया कि यह संस्थान करीब 40 से 45 साल पुराना है और यहां केवल बच्चियों को शिक्षा दी जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना से मदरसे को जोड़ना गलत है। प्रबंधन ने मांग की है कि कपल के साथ दुर्व्यवहार करने वाले वास्तविक आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

तीसरे ट्रस्टी ने बताया कि मदरसे के परिसर के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। उनके अनुसार, संस्थान के साथ पीछे की ओर स्थित 10 से 15 घरों को भी नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि घटना में शामिल लड़के न तो मदरसे के विद्यार्थी हैं और न ही आसपास के इलाके में रहते हैं। वे दूसरे मोहल्ले से आते हैं। ट्रस्टी ने कहा कि मदरसे में पुरुषों के प्रवेश की अनुमति भी नहीं है।

मामले में प्रबंधन की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता कुतुब आलम शाह ने भी आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रचार किया जा रहा है कि घटना में शामिल लड़के मदरसे से पढ़कर निकले हैं, जबकि यहां केवल स्थानीय बच्चियां पढ़ती हैं। उनके मुताबिक, बिहार, बंगाल या किसी अन्य राज्य से छात्राओं के यहां आने की व्यवस्था नहीं है।

अधिवक्ता ने बताया कि बीएमसी ने मदरसे को मुंबई नगर निगम अधिनियम की धारा 488 के तहत नोटिस दिया है। उन्होंने निर्माण संबंधी कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि 14 फीट से अधिक निर्माण के मामलों में पहले महापौर और आयुक्त की ओर से कार्रवाई रोकने की बात कही गई थी। ऐसे में उन्होंने सवाल उठाया कि केवल मदरसे को नोटिस क्यों दिया गया और मुंबई के अन्य धार्मिक स्थलों के मामलों में भी क्या इसी तरह की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

कुतुब आलम शाह ने आरोप लगाया कि किरीट सोमैया के बयानों से महाराष्ट्र का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से सोमैया के कामकाज से जुड़े मामलों के दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं। इनमें एयरपोर्ट मस्जिद, सोसायटी और चांदिवली विधानसभा क्षेत्र से जुड़े मामले शामिल हैं। अधिवक्ता के अनुसार, इन दस्तावेजों के आधार पर उनके खिलाफ मजिस्ट्रेट कोर्ट में निजी शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

फिलहाल इस पूरे मामले में मदरसा प्रबंधन ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही उसने स्पष्ट किया है कि कपल के साथ हुई घटना के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन बिना जांच किसी शैक्षणिक संस्थान को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *