November 25, 2026

ओडिशा की समुद्री विरासत को मिलेगा नया विस्तार, पारादीप को लेकर मुख्यमंत्री मोहन माझी ने बताया भविष्य का रोडमैप

0
1-1795585762
नई दिल्ली ।ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य की प्राचीन समुद्री विरासत को आधुनिक विकास से जोड़ने और समुद्री बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में सरकार की योजनाओं का खाका प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि ओडिशा का समुद्र से जुड़ा इतिहास केवल व्यापार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने विभिन्न देशों के साथ सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को भी मजबूत बनाया है। आने वाले वर्षों में इसी विरासत को आधुनिक औद्योगिक विकास का आधार बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री मंगलवार को पारादीप में शुभ कार्तिक पूर्णिमा, ऐतिहासिक बोइता बंदना उत्सव और पारादीप बंदरगाह दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्राचीन कलिंग की समुद्री गतिविधियों से लेकर वर्तमान समय में बंदरगाहों की बढ़ती आर्थिक भूमिका तक कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की।

माझी ने बताया कि प्राचीन समय में कलिंग के साधबा यानी समुद्री व्यापारी जावा, सुमात्रा, बाली, बोर्नियो, बर्मा, सियाम, वियतनाम, कंबोडिया और श्रीलंका जैसे क्षेत्रों तक व्यापारिक यात्राएं करते थे। इन यात्राओं के माध्यम से वस्तुओं के आदान-प्रदान के साथ ओडिशा की संस्कृति, परंपराएं और सामाजिक मान्यताएं भी दूसरे देशों तक पहुंचीं। इस ऐतिहासिक संपर्क ने ओडिशा की अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कार्तिक पूर्णिमा से जुड़े आ का मां बाई अनुष्ठान की ऐतिहासिक महत्ता का उल्लेख करते हुए बताया कि हिंदू पंचांग के आषाढ़, कार्तिक, मार्गशीर्ष और बैसाख महीने प्राचीन समुद्री गतिविधियों के लिए शुभ माने जाते थे। विशेष रूप से कार्तिक महीने के आसपास भूमि से समुद्र की ओर चलने वाली अनुकूल हवाएं नाविकों के लिए समुद्री यात्राओं को आसान बनाती थीं। इसी प्राकृतिक परिस्थिति के कारण पुराने समय में व्यापारी लंबी समुद्री यात्राओं पर निकलते थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि साधबाओं ने व्यापार के साथ ओडिशा की सांस्कृतिक पहचान को भी दूसरे देशों तक पहुंचाया। इसका प्रभाव आज भी बाली के मसाकापन के तुकड़ और थाईलैंड के लोई क्राथोंग जैसे उत्सवों में दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि बोइता बंदना केवल अतीत की याद दिलाने वाला आयोजन नहीं है, बल्कि यह ओडिशा की ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने का माध्यम भी है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा से बातचीत की। परिदा उस समय इंडोनेशिया के बाली द्वीप पर आयोजित ओडिशा पर्व और बोइता बंदना उत्सव में शामिल थीं। मुख्यमंत्री ने विदेशों में ओडिया संस्कृति के प्रचार-प्रसार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य की पहचान मजबूत होने पर प्रसन्नता जताई।

उन्होंने कहा कि आज बोइता बंदना का दायरा ओडिशा की सीमाओं से आगे बढ़ चुका है। संयुक्त राज्य अमेरिका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण पूर्व एशिया में रहने वाले ओडिया समुदाय के लोग भी इस त्योहार को उत्साह से मनाते हैं। इससे वैश्विक स्तर पर ओडिया अस्मिता और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूती मिल रही है।

पारादीप बंदरगाह की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए माझी ने कहा कि इसे भारत के पूर्वी तट पर मेगा पोर्ट का दर्जा प्राप्त करने वाले एकमात्र प्रमुख बंदरगाह के रूप में मान्यता मिली है। उन्होंने इसे राज्य की आर्थिक और औद्योगिक संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य सरकार ने निवेश आकर्षित करने और बंदरगाहों की क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद के अलावा सिंगापुर तथा संयुक्त अरब अमीरात का दौरा किया है। सरकार का लक्ष्य ओडिशा को एक प्रमुख निवेश केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में राज्य में लाई गई औद्योगिक परियोजनाओं का बड़ा हिस्सा पारादीप क्षेत्र में विकसित हो रहा है। आने वाले समय में यह इलाका देश के प्रमुख वाणिज्यिक और औद्योगिक केंद्रों में अपनी जगह बना सकता है। माझी ने विश्वास जताया कि सरकार का समृद्ध ओडिशा 2036 का लक्ष्य हासिल किया जाएगा और राज्य को विकास के नए अवसर मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed