November 19, 2026

सोनिया गांधी की किताब से निकले कई चौंकाने वाले खुलासे, PM मोदी को लेकर कही बड़ी बात, इमरजेंसी पर भी तोड़ी चुप्पी

0
untitled-1794287592

नई दिल्ली। कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी की नई किताब Belonging: A Journey of Love रिलीज से पहले ही राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है। इस किताब में सोनिया गांधी ने अपने निजी जीवन से लेकर भारतीय राजनीति के कई महत्वपूर्ण घटनाक्रमों पर खुलकर अपनी बात रखी है। सबसे ज्यादा चर्चा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके रिश्तों को लेकर किए गए खुलासे की हो रही है। सोनिया गांधी ने बताया है कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनका व्यक्तिगत संपर्क लगभग नहीं के बराबर है। दोनों की मुलाकात कभी-कभी आधिकारिक कार्यक्रमों में होती है और ऐसे मौकों पर केवल औपचारिक नमस्ते तक बातचीत सीमित रहती है। उन्होंने यह भी दावा किया है कि जब प्रधानमंत्री उनके सामने आते हैं तो अक्सर नजरें दूसरी तरफ कर लेते हैं ताकि आंखों से आंखें न मिलानी पड़ें।
पीएम मोदी के राजनीतिक सफर की तारीफ भी की
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कुछ पहलुओं की सराहना भी की है। उन्होंने लिखा है कि मोदी एक साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में अपनी जगह बनाने और फिर सत्ता के शीर्ष तक पहुंचने में सफल रहे। सोनिया गांधी ने यह भी स्वीकार किया कि दिल्ली के राजनीतिक और प्रभावशाली वर्ग के बीच होने वाली चर्चाओं से उन्हें भी कई बार असहजता महसूस होती थी। उन्हें लगता था कि इन चर्चाओं में आम भारतीयों की वास्तविक परिस्थितियों को पर्याप्त जगह नहीं मिलती। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की इस असहजता को भी समझने की बात कही है।

हालांकि सोनिया गांधी ने दोनों नेताओं के बीच वैचारिक अंतर को भी स्पष्ट किया है। उनके मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने भारत के विजन के लिए संघर्ष कर रहे थे जबकि वह समावेशी लोकतंत्र धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय वाले भारत की विचारधारा के लिए खड़ी रही हैं। उन्होंने इस राजनीतिक मतभेद को व्यक्तिगत दुश्मनी के बजाय विचारधाराओं की लड़ाई के रूप में पेश किया है।

आपातकाल को बताया इंदिरा गांधी की बड़ी गलती
सोनिया गांधी की किताब का एक और महत्वपूर्ण हिस्सा 1975 में लगाए गए आपातकाल से जुड़ा है। उन्होंने आपातकाल लागू करने के फैसले को गलती बताया है। उनका मानना है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री और उनकी सास इंदिरा गांधी को भी बाद में इस फैसले पर पछतावा हुआ था। सोनिया गांधी ने कहा है कि अगर संजय गांधी को उस समय नियंत्रण में रखा गया होता तो आपातकाल के बाद पैदा हुए हालात और नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था।

उन्होंने यह भी बताया कि आपातकाल को लेकर गांधी परिवार के भीतर भी मतभेद थे। उनके मुताबिक राजीव गांधी इस फैसले के पक्ष में नहीं थे और उन्होंने अपनी मां को अगले चुनाव तक इंतजार करने की सलाह दी थी। वहीं संजय गांधी आपातकाल लागू करने के पक्ष में थे। सोनिया गांधी के अनुसार इस मुद्दे पर परिवार के भीतर तनाव की स्थिति भी बनी थी।

परिवार और राजनीति के कई अनकहे पहलुओं का जिक्र
सोनिया गांधी की यह 544 पन्नों की किताब उनके जीवन के कई महत्वपूर्ण पड़ावों को सामने लाती है। इसमें इटली में बीते बचपन से लेकर राजीव गांधी से मुलाकात और विवाह के बाद भारत आने तक की कहानी शामिल है। इसके अलावा इंदिरा गांधी की हत्या और राजीव गांधी की असमय मृत्यु जैसे दर्दनाक घटनाक्रमों का भी जिक्र किया गया है।

किताब में सोनिया गांधी ने अपने राजनीतिक जीवन और परिवार के भीतर के अनुभवों को भी साझा किया है। उनकी किताब 10 नवंबर 2026 को भारतीय बाजार में उपलब्ध होने जा रही है। इस पुस्तक के सामने आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके संबंधों से लेकर आपातकाल और गांधी परिवार के राजनीतिक फैसलों तक कई मुद्दों पर नई चर्चा शुरू हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed