May 30, 2026

IPL 2026 में इन 5 विदेशी खिलाड़ियों का जलवा, मचा सकते हैं बड़ा धमाल

0
nnnn-1774598117
 
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का रोमांच 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है, जहां पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। हर सीजन की तरह इस बार भी विदेशी खिलाड़ियों पर खास नजर रहने वाली है, जो अपनी टीमों के लिए मैच विनर साबित हो सकते हैं। खास बात यह है कि इनमें से कई खिलाड़ी हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं और उसी फॉर्म को आईपीएल में भी बरकरार रखना चाहेंगे।

इस सूची में सबसे पहला नाम आता है विल जैक्स का, जो मुंबई इंडियंस के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं। जैक्स ने टी20 वर्ल्ड कप में 176 के स्ट्राइक रेट से रन बनाने के साथ-साथ गेंद से भी कमाल दिखाया था। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के चलते कप्तान हार्दिक पांड्या उन्हें ‘ट्रंप कार्ड’ के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा है। ग्रीन की खासियत उनकी बहुमुखी प्रतिभा है वह किसी भी क्रम पर बल्लेबाजी कर सकते हैं और गेंद से भी प्रभावी साबित होते हैं।

इसी कड़ी में न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज फिन एलन भी चर्चा में हैं, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में महज 33 गेंदों में शतक जड़कर सुर्खियां बटोरी थीं। वह केकेआर के लिए ओपनिंग करते हुए मैच का रुख पलट सकते हैं।

ब्रेविस और निसांका भी बन सकते हैं ‘गेमचेंजर’

दक्षिण अफ्रीका के युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस अपनी तूफानी बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए ब्रेविस इस सीजन में बड़ा धमाका कर सकते हैं। उन्होंने पिछले आईपीएल और एसए20 लीग में लगातार रन बनाकर अपनी क्षमता साबित की है।

वहीं, श्रीलंका के भरोसेमंद बल्लेबाज पाथुम निसांका को दिल्ली कैपिटल्स ने 4 करोड़ में अपने साथ जोड़ा है। निसांका ने टी20 वर्ल्ड कप में शानदार बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक भी जड़ा था। उनकी स्थिरता और स्ट्राइक रेट दिल्ली के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। इन पांचों खिलाड़ियों में एक बात समान है-आक्रामक बल्लेबाजी, बहुमुखी प्रतिभा और बड़े मैचों में प्रदर्शन करने की क्षमता। यही कारण है कि आईपीएल 2026 में ये खिलाड़ी अपनी टीमों के लिए गेमचेंजर साबित हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *