Rising Stars Asia Cup 2026: पाकिस्तान-ए ने इंडिया-ए को 48 रनों से हराया
दोहा। एसीसी मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 (ACC Men’s Asia Cup Rising Stars 2026) में रविवार (22 नवंबर) को इंडिया-ए का सामना पाकिस्तान-ए (India A vs Pakistan A) से हुआ. दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित इस मुकाबले में पाकिस्तान-ए ने इंडिया-ए को 48 रनों से हरा दिया.
इंडिया-ए (India A) की टीम को जीत के लिए 314 रनों का मिला था, जिसका पीछा करते हुए वो 49.1 ओवर्स में 265 रनों पर सिमट गई. अब इंडिया-ए की टीम अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले में मंगलवार (24 नवंबर) को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) का सामना करेगी. वहीं पाकिस्तान-ए का सामना उसी दिन नेपाल से होगा।
तिलक वर्मा का शतक, अभिषेक भी चमके
रनचेज में भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. वैभव सूर्यवंशी 11 रनों के निजी स्कोर पर मोहम्मद इमरान रंधावा का शिकार बने. वहीं अली रजा ने आयुष बदोनी को खाता भी नहीं खोलने दिया. बदोनी के आउट होने के समय इंडिया-ए का स्कोर 26/2 था. यहां से तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा के बीच तीसरे विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी हुई. अभिषेक ने 6 छक्के और 6 चौके की मदद से 42 बॉल पर 70 रनों का योगदान दिया. अभिषेक का विकेट पार्टटाइम स्पिनर हसन नवाज ने लिया।
कुमार कुशाग्र सिर्फ दो रन बना सके और उनका विकेट सुफियान मुकीम ने चटकाया. रिंकू सिंह (6 रन) भी कुछ खास नहीं कर सके और उन्हें हसन नवाज ने बोल्ड किया. फिर नवाज ने सूर्यांश शेडगे (3 रन) को भी पवेलियन लौटाया. सूर्यांश के आउट होने के समय इंडिया-ए का 129/6 था. यहां से तिलक वर्मा और शाहबाज अहमद ने सातवें विकेट के लिए 112 रनों की साझेदारी कर भारतीय टीम की वापसी कराई.
शाहबाज अहमद ने 4 छक्के और एक चौके की मदद से 49 बॉल पर 54 रनों का योगदान दिया. अली रजा ने 44वें ओवर में शाहबाज की इनिंग्स का अंत किया. उसी ओवर में रजा ने विप्रज निगम (0 रन) को भी बोल्ड कर दिया. मोहम्मद इमरान रंधावा ने हर्षित राणा (0 रन) को आउट कर पाकिस्तान-ए को नौवीं सफलता दिलाई. तिलक वर्मा आउट होने वाले आखिरी बैटर रहे. तिलक ने सात चौके और एक छक्के की मदद से 149 बॉल पर 100 रन बनाए.
ऐसी रही पाकिस्तानी टीम की बैटिंग
मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान-ए ने 49.2 ओवरों में 313 रन बनाए. एक समय लग रहा था कि पाकिस्तानी टीम 350 से ज्यादा का स्कोर बना सकती है, लेकिन बीच के ओवरों और आखिरी पलों में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए पारी को समेट दिया।
शमील हुसैन और माज सदाकत ने पहले विकेट के लिए 66 रनों की साझेदारी कर टीम को आक्रामक शुरुआत दिलाई. आयुष बदोनी ने शमील (33 रन, 23 गेंद) को आउट कर यह साझेदारी तोड़ी और हर्षित राणा ने रोहेल नजीर को शून्य पर पवेलियन भेजकर दूसरा झटका दिया. इसके बाद सदाकत ने 59 रनों (63 गेंद) की पारी खेली, लेकिन सूर्यांश शेडगे ने उन्हें आउट कर पाकिस्तान-ए की रफ्तार रोकी।
हसन नवाज ने 44 गेंदों में अर्धशतक पूरा करते हुए 79 रनों (82 गेंद) की दमदार पारी खेली. कप्तान अब्दुल समद (28 रन) रन आउट हुए, जबकि बाद में फरहान यूसुफ ने 56 रन (48 गेंद) बनाकर स्कोर को आगे बढ़ाया.
हालांकि, सूर्यांश शेडगे ने हसन नवाज को आउट किया, वहीं विप्रज निगम ने मोहम्मद इमरान रंधावा (23 रन) और साद मसूद (9 रन) को पवेलियन भेजा. फिर प्रिंस यादव ने फरहान यूसुफ का विकेट चटकाया. अहमद दानियाल (8 रन) और अली रजा (2 रन) आउट होने वाले आखिरी दो बल्लेबाज रहे.
इंडिया-ए की प्लेइंग XI: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, आयुष बडोनी, तिलक वर्मा (कप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, शाहबाज़ अहमद, विप्रज निगम, हर्षित राणा, प्रिंस यादव।
पाकिस्तान-ए की प्लेइंग XI: शमील हुसैन, माज सदाकत, रोहेल नजीर (विकेटकीपर), हसन नवाज़, अब्दुल समद (कप्तान), फरहान यूसुफ, साद मसूद, मोहम्मद इमरान रंधावा, अहमद दानियाल, सुफयान मोकिम, अली रजा।
