पत्नी के जाने के बाद सास पर आया दामाद का दिल, ससुर ने दोनों की करवा दी शादी

बांका। कहावत है कि जब दिल मेढ़की पर आ जाए तो परी क्‍या चीज है। कुछ इसी तरह का अजब-गजब लव का मामला सामने आया है। एक दामाद को अपनी सास से प्यार हो गया। इसकी भनक जब ससुर को लगी तो उसने अपनी पत्नी के साथ दामाद की शादी करवा दी। ये मामला बांका थाना अंतर्गत छत्रपाल पंचायत के हीर मोती गांव का है।

बताया जा रहा है कि 55 वर्षीय दिलेश्वर दर्वे की 45 वर्षीय पत्नी गीता देवी का उसके दामाद सिंकदर यादव (कटोरिया थाना क्षेत्र के धोवनी गांव निवासी) से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। पत्नी के निधन के बाद दामाद अपने ससुराल में ही रहने लगा। इसी दौरान सास और दामाद एक-दूसरे के करीब आए। गीता देवी के पति को शक हुआ तो उसने पड़ताल की। इसके बाद दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया।

दिलेश्वर ने इसकी सूचना पंचायत को दी। पंचायत और ग्रामीणों के सामने सिंकदर यादव ने अपनी सास से प्यार का इजहार कर दिया। इसके बाद दिलेश्वर और ग्रामीणों ने मिलकर सिकंदर और गीता देवी की शादी करवा दी। इतना ही नहीं दिलेश्वर ने अपनी पत्नी और दामाद की कोर्ट मैरिज भी करवा दी। ग्रामीणों के समक्ष सिकंदर गीता देवी को लेकर अपने घर विदा हो गया।

ग्रामीणों का कहना है कि सिकंदर की शादी 30 साल पहले दिलेश्वर और गीता देवी की बेटी से हुई थी। सिकंदर की पत्नी अपने पीछे एक बेटी और एक बेटे को छोड़कर चली गई। इसके बाद से सिकंदर अपने ससुराल में रहने लगा। इसी दौरान उसकी सास से उसका प्रेम-प्रसंग चलने लगा। इस बात की भनक दिलेश्वर को लगी थी।