बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर महागठबंधन ने खोला नीतीश सरकार के खिलाफ मोर्चा

पटना। बिहार विधानसभा का मानसून सत्र चल रहा है। इस सत्र विपक्ष सरकार पर कई मुद्दों को लेकर हमलावर हो रहा है। कानून मामले को लेकर गुरुवार को हाथों में पोस्टर बैनर लेकर विधानसभा परिसर के बाहर महागठबंधन के नेता एकत्रित हुए और नीतीश सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस सरकार में आम लोगों को सांस लेना भी दूभर हो गया है। उन्होंने कहा, नीतीश सरकार के कार्यकाल में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। उसी का नतीजा है कि बदमाश दिनदहाड़े अपने नापाक इरादों को जमीन पर उतार रहे हैं और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। बता दें कि बुधवार को कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नीतीश सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था। जिस पर पुलिस की ओर से लाठीचार्ज किया गया। इसमें कांग्रेस के कई कार्यकर्ता घायल हो गए।

गुरुवार को प्रदर्शनकारी नेताओं ने हाथों में पोस्टर लेकर नीतीश सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस पोस्टर में राज्य सरकार के विरोध में कई तरह के नारे लिखे हुए थे। कुछ पोस्टर में कहा गया था कि बिहार में अब बुलडोजर राज नहीं चलेगा तो कुछ पोस्टर में लिखा था कि प्रदेश की जनता अब करे पुकार, बंद करो भ्रष्टाचार। बिहार में मानसून सत्र में सत्तापक्ष से लेकर विपक्ष के नेता हिस्सा ले रहे हैं। सत्तापक्ष के नेता जहां नीतीश सरकार की उपलब्धियां गिना रहे हैं। उधर, विपक्ष के नेता नीतीश शासनकाल के दौरान प्रदेश की मौजूदा स्थिति को उनकी विफलता के रूप में पेश करने का प्रयास कर रहे हैं।

भाकपा माले नेता रामबली सिंह यादव ने मीडिया से नीतीश सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए निशाना साधा। उन्होंने कहा, बिहार के लोगों के लिए यह दुर्भाग्य की बात है कि नीतीश सरकार के कार्यकाल के दौरान अपराध अपने चरम पर पहुंच चुका है। अपराधियों में कानून का तनिक भी खौफ नहीं है। अपराधियों का मनोबल ऊंचा है। भ्रष्टाचारी मौज कर रहे हैं। जहानाबाद में शिक्षक का अपहरण किया गया। पालीगंज में एक जवान को गोली मार दी गई, तो अब आप देख लीजिए कि लोग सुरक्षित नहीं हैं।

बता दें, बीते दिनों मुकेश सहनी के पिता को घर में मार दिया गया। साफ है कि बिहार में अब अपराधियों को कानून का बिलकुल भी खौफ नहीं है। पप्पू मांझी की हत्या नवादा में कर दी गई, लेकिन अपराधी घूम रहे हैं। संजय मांझी का हाथ काट दिया गया। मैं खुलकर आप लोगों से यही कहना चाहता हूं कि बिहार में कानून व्यवस्था की हालत अब बहुत खराब हो चुकी है। राजद नेता आलोक मेहता ने नीतीश सरकार को घेरते हुए कहा, “बिहार में अपराधियों का दबदबा अपने चरम पर है। बदमाशों के हौसले बुलंद हैं और विपक्ष की यह जिम्मेदारी बन जाती है कि जब कभी भी किसी प्रदेश में अपराधियों का दबदबा अपने चरम पर पहुंच जाए, तो ऐसी स्थिति में विपक्षी दल सरकार से इस संबंध में सवाल करे।