September 13, 2026

Apple का सबसे बड़ा iPhone अपग्रेड! iPhone 18 Pro में छोटी Dynamic Island से Satellite 5G तक कई नए फीचर्स

0
untitled-1786366347

नई दिल्ली । Apple के नए iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max को लेकर टेक्नोलॉजी की दुनिया में चर्चाएं तेज हो गई हैं। कंपनी की ओर से अभी तक आधिकारिक लॉन्च डेट या फीचर्स की पुष्टि नहीं की गई है लेकिन लीक और रिपोर्ट्स में आने वाली जानकारियों ने नए आईफोन को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है। माना जा रहा है कि सितंबर 2026 में iPhone 18 Pro सीरीज पेश की जा सकती है। नए मॉडल्स में डिजाइन के साथ कैमरा बैटरी डिस्प्ले चिपसेट और कनेक्टिविटी के स्तर पर कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

डिजाइन की बात करें तो Apple इस बार पूरी तरह नया लुक देने के बजाय मौजूदा डिजाइन को और ज्यादा रिफाइंड कर सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक iPhone 18 Pro मॉडल्स में डार्क चेरी डार्क ग्रे लाइट ब्लू और सिल्वर जैसे कलर विकल्प मिल सकते हैं। रियर पैनल के आसपास भी कुछ बदलाव किए जाने की संभावना है। iPhone 18 Pro Max की मोटाई मौजूदा मॉडल से थोड़ी ज्यादा हो सकती है। इसकी मुख्य वजह बड़ा बैटरी पैक बताया जा रहा है।

डिस्प्ले के मामले में स्क्रीन साइज में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। iPhone 18 Pro में 6.3 इंच जबकि Pro Max में 6.9 इंच का डिस्प्ले मिल सकता है। हालांकि पैनल टेक्नोलॉजी में सुधार देखने को मिल सकता है। नई LTPO+ तकनीक के जरिए बेहतर पावर एफिशिएंसी और ज्यादा ब्राइटनेस मिलने की उम्मीद है। फ्रंट डिजाइन में सबसे बड़ा बदलाव Dynamic Island को लेकर हो सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार Face ID के कुछ हिस्सों को डिस्प्ले के नीचे ले जाकर Dynamic Island का आकार छोटा किया जा सकता है।

परफॉर्मेंस के लिए iPhone 18 Pro सीरीज में A20 Pro चिपसेट मिलने की चर्चा है। यह चिप 2nm मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस पर आधारित हो सकती है। इससे कम ऊर्जा खपत के साथ बेहतर प्रोसेसिंग क्षमता मिलने की उम्मीद है। ऐसे में गेमिंग वीडियो एडिटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े कामों में नए आईफोन पहले से बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।

कैमरा सिस्टम को लेकर भी बड़े अपग्रेड की उम्मीद है। iPhone 18 Pro में 48MP प्राइमरी कैमरे के साथ Variable Aperture तकनीक मिलने की बात सामने आ रही है। इससे अलग अलग रोशनी की परिस्थितियों में फोटो लेते समय कैमरा लेंस में आने वाली रोशनी को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकेगा। इससे खास तौर पर लो लाइट फोटोग्राफी और पोर्ट्रेट शॉट्स में सुधार देखने को मिल सकता है।

बैटरी के मामले में भी Pro Max मॉडल में बड़ा बदलाव संभव है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें मौजूदा मॉडल से करीब 10 प्रतिशत बड़ा बैटरी पैक दिया जा सकता है। भारत और चीन जैसे बाजारों में फिजिकल सिम स्लॉट वाले मॉडल की बैटरी क्षमता अलग हो सकती है जबकि eSIM आधारित वेरिएंट में ज्यादा क्षमता मिलने की संभावना जताई गई है।

कनेक्टिविटी के क्षेत्र में Satellite 5G फीचर सबसे खास अपग्रेड में शामिल हो सकता है। यदि यह फीचर आता है तो मोबाइल नेटवर्क या Wi-Fi उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में भी कुछ इंटरनेट सेवाओं तक पहुंच संभव हो सकती है। इसके साथ Apple का नया C2 मॉडम भी बेहतर 5G स्पीड सिग्नल और बैटरी एफिशिएंसी दे सकता है।

कैमरा कंट्रोल बटन में भी बदलाव की उम्मीद है। कंपनी इसे ज्यादा सरल और भरोसेमंद बनाने के लिए टच सेंसेटिविटी तथा हैप्टिक फीडबैक में बदलाव कर सकती है। कीमत की बात करें तो अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है लेकिन रिपोर्ट्स में iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत करीब 1.40 लाख से 1.45 लाख रुपये और iPhone 18 Pro Max की कीमत करीब 1.69 लाख से 1.80 लाख रुपये तक होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि अंतिम कीमत और फीचर्स की पुष्टि Apple की आधिकारिक घोषणा के बाद ही होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed