क्या iPhone 19 के साथ लॉन्च होगा iPhone 20? 20वीं एनिवर्सिरी पर Apple की बड़ी तैयारी..
दरअसल, Apple ने साल 2017 में iPhone की 10वीं वर्षगांठ के मौके पर अपनी लॉन्च रणनीति में बड़ा बदलाव किया था। उस समय कंपनी ने iPhone 8 और iPhone 8 Plus के साथ iPhone X भी बाजार में उतारा था। iPhone X को एक खास एडिशन के रूप में पेश किया गया था, जिसमें डिजाइन से लेकर कई तकनीकी सुविधाओं तक बदलाव देखने को मिले थे। अब 20वीं वर्षगांठ पर भी इसी तरह की रणनीति अपनाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
iPhone 19 और iPhone 20 एक साथ आ सकते हैं
आगामी iPhone सीरीज के नाम को लेकर कई तरह की संभावनाएं सामने हैं। माना जा रहा है कि Apple iPhone 18 Pro सीरीज के बाद सीधे iPhone 20 पेश कर सकती है। इसका मतलब यह होगा कि कंपनी iPhone 19 नाम को छोड़कर सीधे 20वीं वर्षगांठ से जुड़े मॉडल पर आगे बढ़ सकती है। दूसरी संभावना यह भी है कि कंपनी iPhone 19 सीरीज के साथ एक विशेष iPhone 20 एनिवर्सिरी मॉडल लॉन्च करे। इस तरह की रणनीति कंपनी पहले भी अपना चुकी है। हालांकि, दोनों मॉडलों को एक साथ लॉन्च करने की योजना अभी निश्चित नहीं है।
चार नए मॉडल की डिजाइन पर काम
आगामी स्मार्टफोन को लेकर सामने आई जानकारियों के मुताबिक, Apple चार अलग-अलग डिजाइन विकल्पों पर काम कर रही है। इनमें दो मॉडल फ्लैट स्क्रीन और दो मॉडल कर्व्ड स्क्रीन वाले हो सकते हैं। इन डिजाइनों में सबसे खास बदलाव डिस्प्ले के चारों किनारों पर देखने को मिल सकता है। कंपनी ऐसे डिजाइन पर काम कर रही है, जिसमें स्क्रीन के आसपास मौजूद बेजल बेहद पतले होंगे।
सिर्फ 1 मिलीमीटर तक हो सकते हैं बेजल
एनिवर्सिरी एडिशन की सबसे बड़ी खासियत इसका लगभग बॉर्डरलेस डिस्प्ले हो सकता है। जानकारी के मुताबिक, इसके चारों तरफ बेजल की मोटाई करीब 1 मिलीमीटर तक रखने की योजना है। इससे फोन का सामने वाला हिस्सा लगभग पूरी तरह स्क्रीन जैसा दिखाई दे सकता है। कंपनी पिछले करीब तीन वर्षों से इस तरह की डिजाइन तकनीक पर काम कर रही है। इस दौरान शुरुआती प्रोटोटाइप में मौजूद ज्यादा घुमावदार डिजाइन में भी बदलाव किए गए हैं।
क्वाड कर्व्ड डिस्प्ले से बदलेगा लुक
आगामी iPhone के विशेष मॉडल में क्वाड कर्व्ड डिस्प्ले मिलने की संभावना है। इस तकनीक में स्क्रीन का ग्लास चारों किनारों से मुड़ा हुआ होगा। इससे फोन को सामने से देखने पर स्क्रीन और बॉडी के बीच का अंतर काफी कम दिखाई देगा। हालांकि, कर्व्ड स्क्रीन के साथ कुछ चुनौतियां भी जुड़ी हैं। इनमें फोन की मजबूती, स्क्रीन पर गलती से टच होना, स्क्रीन प्रोटेक्टर लगाने में परेशानी और मरम्मत का खर्च शामिल हैं।
कुल मिलाकर, Apple की 20वीं वर्षगांठ वाला iPhone कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण लॉन्च साबित हो सकता है। यदि कंपनी 2017 की तरह इस बार भी अलग नाम और विशेष डिजाइन वाला मॉडल पेश करती है, तो iPhone की नंबरिंग और डिजाइन दोनों में नया बदलाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल iPhone 19 और iPhone 20 के एक साथ लॉन्च होने की संभावना पर नजर बनी हुई है। अंतिम फैसला और फोन की वास्तविक खूबियां कंपनी की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होंगी।
