आज आतिशी की नई सियासी पारी का आगाज, 5 मंत्रियों संग शपथ लेंगी दिल्‍ली की नई CM

नई दिल्‍ली । आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली की मनोनीत मुख्यमंत्री आतिशी की नई सियासी पारी का आज आगाज होने जा रहा है। आतिशी शनिवार को शाम 4:30 बजे राज निवास में होने वाले एक कार्यक्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगी। उनके साथ 5 कैबिनेट मंत्री भी शपथ ग्रहण करेंगे।

अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद इस सप्ताह की शुरुआत में हुई ‘आप’ विधायक दल की बैठक में आतिशी को विधायक दल का नेता चुना गया था। राजभवन में आज आतिशी के साथ पांच मंत्री भी शपथ लेंगे। कालकाजी विधानसभा सीट से विधायक आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। आतिशी को 09 मार्च 2023 को पहली बार मंत्री बनाया गया था। मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद उन्हें केजरीवाल कैबिनेट में एंट्री मिली थी।

कैबिनेट में शामिल पांच नाम

‘आप’ द्वारा घोषित नई कैबिनेट में गोपाल राय, कैलाश गहलोत, सौरभ भारद्वाज, इमरान हुसैन और सुल्तानपुर माजरा से पहली बार विधायक बने मुकेश अहलावत शामिल होंगे। राष्ट्रपति ने शुक्रवार देर रात इनके नामों पर मुहर लगा दी थी। गोपाल राय, कैलाश गहलोत, सौरभ भारद्वाज और इमरान हुसैन केजरीवाल सरकार में भी मंत्री हैं। दिल्ली सरकार के मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत सात सदस्य हैं। मंत्रिमंडल के सातवें सदस्य के नाम की घोषणा होनी अभी बाकी है।

भाषा के अनुसार, उपराज्यपाल कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आतिशी को शपथ ग्रहण की तिथि से दिल्ली का मुख्यमंत्री नियुक्त किया है और अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा भी स्वीकार कर लिया है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति ने पांच मंत्रियों की नियुक्ति को भी मंजूरी दे दी है और शपथ ग्रहण समारोह राज निवास में शाम 4:30 बजे होगा।

दिल्ली में अगले साल फरवरी में विधानसभा चुनाव होंगे

आतिशी सरकार का कार्यकाल बेहद छोटा होगा क्योंकि दिल्ली में अगले साल फरवरी में विधानसभा चुनाव होने हैं। अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद आतिशी ने नई सरकार बनाने का दावा पेश किया था। केजरीवाल की अध्यक्षता वाले मंत्रिमंडल में आतिशी के पास वित्त, राजस्व, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और शिक्षा जैसे 13 प्रमुख विभाग थे।