यूपी में राहुल गांधी के खिलाफ केस, भाजपा ने सिखों को लेकर दिए बयान का किया विरोध

लखनऊ । कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मुकदमा दर्ज कराया है। सिख समुदाय को लेकर राहुल गांधी के बयान को भाजपा ने देश की अखंडता-एकता प्रभावित करने वाला बताते हुए शिकायत की है। भाजपा के महानगर उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह की तहरीर पर केस दर्ज हुआ है। पिछले दिनों अमेरिका में राहुल गांधी ने भारत में सिखों के कड़ा पहनने व पगड़ी पहनने को लेकर बयान दिया था।

भाजपा का आरोप है कि राहुल गांधी ने अमेरिका में देश की छवि खराब की है। राहुल गांधी ने अमेरिका में कहा था कि भारत में सिखों को पगड़ी पहनने, कड़ा पहनने और गुरुद्वारे जाने से रोका जाता है। इसके साथ ही दलित-पिछड़ों के आरक्षण को खत्म करने की बात भी कही थी। राहुल गांधी द्वारा दिए गए इन बयानों के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आपत्ति दर्ज कराते हुए सिगरा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि राहुल गांधी के बयानों से देश की एकता और अखंडता को खतरा है। अशोक कुमार की तहरीर पर सिगरा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत धारा 152 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

इससे पहले भाजपा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय और जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं का जत्था दिन में सिगरा थाने पहुंचा। भाजपा महानगर उपाध्यक्ष एड. अशोक कुमार की ओर से सिगरा थानाध्यक्ष को तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। तहरीर में आरोप लगाया गया कि राहुल गांधी द्वारा अमेरिका में दिए गए बयान से सिख समाज आहत हुआ है। राहुल गांधी ने विदेशी सरजमीं पर भारत में रहने वाले सिख समुदाय के लोगों के बारे में विवादित बयान दिया है।

एक अन्य बयान में राहुल गांधी ने कहा था कि भारत फिलहाल फेयर प्लेस नहीं है। भारत में भेदभाव किया जाता है और जब उनकी सरकार बनेगी तो वह आरक्षण को समाप्त कर देंगे। राहुल गांधी द्वारा दिए गए इन बयानों के कारण सिख समुदाय सहित पिछड़ा, दलित और आदिवासी समाज आहत है। राहुल गांधी का उक्त बयान देश की एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाला बयान हैं और एक आपराधिक कृत्य है।

मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने कहा कि राहुल गांधी जब भी विदेश जाते हैं, भारत विरोधी बाते करते हैं और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहते हैं। उनके द्वारा किया गया कुकृत्य क्षमा योग्य नहीं है इसलिए उन पर कानूनी कार्रवाई आवश्यक है। जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि राहुल गांधी विदेशों में जाकर भारत की छवि को धूमिल करने के लिए हर संभव प्रयास करते हैं। भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के साथ मीटिंग करते हैं। देश की एकता और अखंडता को तोड़ने की साजिश रचते हैं इसलिए राहुल गांधी पर कठोर कार्रवाई होना चाहिए।