सिर्फ 20 मिलीलीटर खून से 14 तरह के कैंसर के संकेत पकड़ेगा AI टेस्ट, जानिए कैसे काम करती है नई तकनीक
चार साल तक चला अध्ययन
कैंसरस्पॉट की उपयोगिता और परिणामों का आकलन करने के लिए इमर्ज नाम से चार साल का अध्ययन किया गया। इसमें देश के 43 अस्पतालों से कुल 1,480 लोगों के नमूने शामिल किए गए। अध्ययन में कैंसर से पीड़ित मरीजों के साथ स्वस्थ लोगों के नमूने भी लिए गए थे। सामने आए नतीजों के मुताबिक, टेस्ट ने कैंसर के लगभग 72 प्रतिशत मामलों की पहचान की। वहीं, गलत तरीके से कैंसर का संकेत देने वाले परिणामों की दर 1.4 प्रतिशत दर्ज की गई।
ये आंकड़े तकनीक की संभावित उपयोगिता की ओर इशारा करते हैं, लेकिन इन्हें कैंसर की पहचान की शत-प्रतिशत गारंटी नहीं माना जा सकता। अलग-अलग आयु वर्गों और मरीजों के समूहों में इसकी सटीकता तथा विश्वसनीयता का आकलन करना भी जरूरी होगा।
डीएनए के छोटे टुकड़ों से मिलेंगे संकेत
मानव शरीर की कोशिकाएं लगातार रक्त प्रवाह में डीएनए के छोटे-छोटे टुकड़े छोड़ती रहती हैं। इन्हें सेल फ्री डीएनए कहा जाता है। कैंसर विकसित होने पर ट्यूमर कोशिकाओं से भी डीएनए के अंश खून में पहुंच सकते हैं। इन अंशों में कुछ विशेष रासायनिक बदलाव मौजूद होते हैं, जिन्हें डीएनए मिथाइलेशन पैटर्न कहा जाता है।
कैंसरस्पॉट टेस्ट इन्हीं बदलावों को पहचानने के लिए तैयार किया गया है। जांच के दौरान पहले रक्त के नमूने से डीएनए के टुकड़े अलग किए जाते हैं और उनकी सीक्वेंसिंग की जाती है। इसके बाद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से लाखों डीएनए अंशों का विश्लेषण किया जाता है। एआई सामान्य कोशिकाओं से मिले डीएनए और कैंसर से जुड़े अंशों के पैटर्न में अंतर तलाशता है। इसी आधार पर शरीर में कैंसर की संभावित मौजूदगी के संकेत दिए जाते हैं।
इन 14 कैंसर के संकेतों की जांच का दावा
कंपनी के अनुसार, इस टेस्ट से फेफड़े, लिवर, पेट, किडनी, ओवरी, आहार नली, यूरिनरी ब्लैडर, गर्भाशय, ब्रेस्ट, प्रोस्टेट, कोलोरेक्टल, पैंक्रियाज, गॉल ब्लैडर और सर्वाइकल कैंसर से जुड़े संकेतों की पहचान की जा सकती है। इस तरह एक ही रक्त नमूने के जरिए शरीर के अलग-अलग अंगों में होने वाले कैंसर की आशंका तलाशने का प्रयास किया जाता है।
क्या बायोप्सी की जरूरत खत्म हो जाएगी?
कैंसरस्पॉट को फिलहाल बायोप्सी का विकल्प नहीं माना जा सकता। यह एक स्क्रीनिंग टेस्ट है, जिसका काम कैंसर से जुड़े संभावित संकेतों की शुरुआती पहचान करना है। इसकी रिपोर्ट में कैंसर का संकेत मिलने पर बीमारी की पुष्टि के लिए डॉक्टर मरीज की स्थिति के अनुसार स्कैनिंग, बायोप्सी या दूसरी जरूरी जांच कराने की सलाह दे सकते हैं।
इसी तरह, रिपोर्ट में कैंसर का संकेत नहीं मिलने से बीमारी की आशंका पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाती। इसलिए जांच के नतीजों को मरीज के लक्षणों और चिकित्सकीय स्थिति के साथ समझना जरूरी है। यदि आगे के अध्ययनों में इस तकनीक की सटीकता और उपयोगिता प्रमाणित होती है, तो यह कैंसर स्क्रीनिंग के क्षेत्र में एक उपयोगी माध्यम बन सकती है।
