November 19, 2026

ICC ने 2035 तक पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट का कैलेंडर किया तैयार, भारत में होंगे ये दो बड़े टूर्नामेंट, देंखे शेड्यूल

0
photo-3-1-1794802673

नई दिल्‍ली । इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने 2035 तक होने वाले बड़े पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट का शेड्यूल मंजूर कर दिया है. इंडोनेशिया के बाली में हुई बैठकों के बाद ICC बोर्ड ने यह फैसला लिया. इस कैलेंडर में वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, चैम्प‍ियंस ट्रॉफी और वर्ल्ड टेस्ट चैम्प‍ियनश‍िप (WTC) फाइनल शामिल हैं.

इस ऐलान के मुताबिक भारत को दो बड़े ICC टूर्नामेंट की मेजबानी मिलेगी. भारत अक्टूबर 2029 में चैम्प‍ियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा. वहीं, 2031 में भारत और बांग्लादेश संयुक्त रूप से वनडे वर्ल्ड कप आयोजित करेंगे. इस टूर्नामेंट के मुकाबले 9 अक्टूबर से 23 नवंबर तक खेले जाएंगे.

ICC के CEO संजोग गुप्ता ने कहा कि ICC टूर्नामेंट का कैलेंडर क्रिकेट के वैश्विक ढांचे का अहम हिस्सा है. ये आयोजन खिलाड़ियों और फैन्स के लिए बड़े मौके उपलब्ध कराते हैं.

टी20 वर्ल्ड कप का अगला शेड्यूल भी तय
2028 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड संयुक्त रूप से टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी करेंगे. टूर्नामेंट 12 अक्टूबर से 12 नवंबर तक खेला जाएगा. यह इस टूर्नामेंट का 11वां संस्करण होगा.

इसके बाद 2030 में इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड मिलकर टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी करेंगे. यह टूर्नामेंट 4 जुलाई से 4 अगस्त तक होगा. इसके अगले सीजन 2032 और 2034 में आयोजित किए जाएंगे. हालांकि, इन दोनों टूर्नामेंट के मेजबान देशों का फैसला अभी नहीं हुआ है. 2032 का टी20 वर्ल्ड कप 14 अक्टूबर से 14 नवंबर तक और 2034 का आयोजन 6 जुलाई से 6 अगस्त तक प्रस्तावित है.

WTC फाइनल की मेजबानी इंग्लैंड को
वर्ल्ड टेस्ट चैम्प‍ियनश‍िप का फाइनल पहले की तरह हर दो साल में जून में खेला जाएगा. ICC ने 2035 तक इसके आयोजन का कार्यक्रम भी तय कर दिया है.

2029 और 2031 के WTC फाइनल की मेजबानी इंग्लैंड करेगा. 2029 का फाइनल 8 से 12 जून और 2031 का फाइनल 12 से 16 जून तक खेला जाएगा. वहीं, 2033 और 2035 के फाइनल के मेजबान देश अभी तय नहीं हुए हैं. 2033 का फाइनल 9 से 13 जून और 2035 का फाइनल 7 से 11 जून तक प्रस्तावित है.

2033 में भी होगी चैम्प‍ियंस ट्रॉफी
भारत में 2029 में होने वाली चैम्प‍ियंस ट्रॉफी के बाद इसका अगला संस्करण 2033 में खेला जाएगा. 2033 का टूर्नामेंट 2 से 23 अक्टूबर तक आयोजित होगा. हालांकि, इसके मेजबान देश का ऐलान अभी नहीं किया गया है.

वनडे वर्ल्ड कप की बात करें तो अगले साल साउथ अफ्रीका में होने वाले टूर्नामेंट के बाद यह आयोजन उपमहाद्वीप में लौटेगा. 2031 में भारत और बांग्लादेश संयुक्त रूप से इसकी मेजबानी करेंगे. इसके बाद 2035 का वनडे वर्ल्ड कप भी अक्टूबर-नवंबर में होगा. इसकी मेजबानी किस देश को मिलेगी, यह अभी तय नहीं हुआ है. टूर्नामेंट 2 अक्टूबर से 18 नवंबर तक प्रस्तावित है.

फिलहाल किसके पास कौन सा खिताब?
मौजूदा चैम्प‍ियन की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया के पास वनडे वर्ल्ड कप का खिताब है. साउथ अफ्रीका वर्ल्ड टेस्ट चैम्प‍ियनश‍िप की गदा (Mace) का मौजूदा विजेता है. वहीं, भारत के पास टी20 वर्ल्ड कप और चैम्प‍ियंस ट्रॉफी दोनों के खिताब हैं.

2035 तक ICC के बड़े टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल

साल  टूर्नामेंट  मेजबान तारीख
2028   टी20 वर्ल्ड कप ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड   12 अक्टूबर-12 नवंबर
2029  WTC फाइनल  इंग्लैंड  8-12 जून
2029 चैम्प‍ियंस ट्रॉफी भारत   9-28 अक्टूबर
2030 टी20 वर्ल्ड कप इंग्लैंड, आयरलैंड, स्कॉटलैंड  4 जुलाई-4 अगस्त
2031 WTC फाइनल   इंग्लैंड  12-16 जून
2031 वनडे वर्ल्ड कप   भारत, बांग्लादेश     9 अक्टूबर-23 नवंबर
2032   टी20 वर्ल्ड कप तय नहीं  14 अक्टूबर-14 नवंबर
2033 WTC फाइनल  तय नहीं 9-13 जून
2033 चैम्प‍ियंस ट्रॉफी तय नहीं   2-23 अक्टूबर
2034   टी20 वर्ल्ड कप   तय नहीं   6 जुलाई-6 अगस्त
2035  WTC फाइनल तय नहीं  7-11 जून
2035  वनडे वर्ल्ड कप तय नहीं 2 अक्टूबर-18 नवंबर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *