November 19, 2026

मैदान पर अब नहीं दिखेगा माही का जलवा, धोनी के संन्यास पर जडेजा से इरफान तक हुए भावुक, IPL ने कहा- फॉरएवर एन इमोशन

0
untitled-1794981889

नई दिल्ली। महेंद्र सिंह धोनी के आईपीएल में खिलाड़ी के तौर पर सफर का अंत होने की खबर ने क्रिकेट जगत को भावुक कर दिया है। करीब 18 साल तक इस टूर्नामेंट में अपनी कप्तानी और खेल से पहचान बनाने वाले धोनी अब चेन्नई सुपर किंग्स के लिए मैदान पर बल्ला लेकर उतरते नजर नहीं आएंगे। हालांकि उनका रिश्ता सीएसके से खत्म नहीं हुआ है। फ्रेंचाइजी ने उन्हें आईपीएल 2027 से पहले टीम में मेंटर की जिम्मेदारी सौंपी है। धोनी के इस नए सफर के ऐलान के बाद पूर्व और मौजूदा क्रिकेटरों के साथ कई टीमों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर खास संदेश साझा किए। इन सभी प्रतिक्रियाओं के बीच रवींद्र जडेजा की पोस्ट ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा।

धोनी के साथ चेन्नई सुपर किंग्स में लंबे समय तक खेल चुके रवींद्र जडेजा ने इंस्टाग्राम पर एक खास संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा 8 का 7 के लिए सम्मान हमेशा। इसके साथ उन्होंने हाथ जोड़ने वाला इमोजी भी लगाया। दरअसल जडेजा की जर्सी का नंबर 8 है जबकि धोनी लंबे समय से 7 नंबर की जर्सी पहनते आए हैं। जडेजा के इस छोटे से संदेश में अपने पूर्व कप्तान के प्रति सम्मान और उनके साथ बिताए गए लंबे क्रिकेट सफर की झलक दिखाई दी। चेन्नई सुपर किंग्स ने भी उनकी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा थाला थलापति फॉरएवर। इस जवाब ने दोनों खिलाड़ियों के रिश्ते को लेकर प्रशंसकों के बीच चर्चा और बढ़ा दी।

पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने भी धोनी के योगदान को याद किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि एक लीडर एक फिनिशर और दबाव की परिस्थितियों में शांत रहने वाले खिलाड़ी के तौर पर धोनी भारतीय क्रिकेट की सबसे प्रभावशाली शख्सियतों में शामिल रहे हैं। इरफान के मुताबिक धोनी ने जो विरासत बनाई है उसकी बराबरी करना आसान नहीं होगा। उन्होंने धोनी को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनका अनुभव तथा क्रिकेट की समझ आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

पूर्व भारतीय ओपनर शिखर धवन ने भी माही के लिए भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने धोनी की कप्तानी उनके शांत स्वभाव और खेल पर उनके प्रभाव की तारीफ की। धवन ने कहा कि धोनी ने कई पीढ़ियों को प्रेरित किया है। खिलाड़ी के तौर पर भले ही वह अब एक कदम पीछे हट रहे हों लेकिन क्रिकेट पर उनका असर हमेशा बना रहेगा। उन्होंने सीएसके के साथ धोनी की नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

धोनी को सम्मान देने में उनकी प्रतिद्वंद्वी टीम मुंबई इंडियंस भी पीछे नहीं रही। फ्रेंचाइजी ने रोहित शर्मा और धोनी की एक पुरानी तस्वीर साझा की जिसमें दोनों वानखेड़े स्टेडियम में माइक थामे नजर आ रहे हैं। पोस्ट में नीले और पीले दिल के साथ हाथ मिलाने का इमोजी लगाया गया। वहीं आईपीएल के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट ने धोनी की तस्वीर साझा करते हुए उन्हें फॉरएवर एन इमोशन बताया। इस संदेश के जरिए लीग ने धोनी के लंबे योगदान और लोकप्रियता को सलाम किया।

चेन्नई सुपर किंग्स ने मंगलवार को धोनी को मेंटर बनाने का ऐलान किया था। टीम के मालिक एन श्रीनिवासन ने कहा कि धोनी के बिना सीएसके की कल्पना नहीं की जा सकती। वहीं सह-मालिक रूपा गुरुनाथ ने उनके अनुभव को टीम के लिए अहम बताया। उनका मानना है कि बदलाव के दौर से गुजर रही टीम के युवा खिलाड़ियों को धोनी का मार्गदर्शन काफी मददगार होगा।

धोनी का खिलाड़ी के तौर पर आईपीएल सफर भले ही समाप्त हो गया हो लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनका जुड़ाव जारी रहेगा। अब मैदान पर उनकी भूमिका बदलने जा रही है और उनकी नजरें नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को तैयार करने पर रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed